अमेरिका को ईरान की आग उगलती चेतावनी, Strait of Hormuz में दिया आखिरी अल्टीमेटम, कहा- तुरंत लौटो, वरना नष्ट कर देंगे
ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में अमेरिकी युद्धपोत को सख्त चेतावनी देते हुए IRGC नेवी का वीडियो जारी किया है। कमांडर ने अमेरिकी डिस्ट्रॉयर को तुरंत क्षेत्र छोड़ने का आदेश दिया और कहा कि यह अंतिम चेतावनी है। ट्रंप की घोषणा के बाद जारी इस वीडियो ने मध्य पूर्व में तनाव बढ़ा दिया है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read
Iran Warning Video : मध्य पूर्व में तनाव और बढ़ता जा रहा है। ईरान ने 12 अप्रैल 2026 को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में अमेरिकी युद्धपोतों के साथ हुई टकराव की 60 सेकंड की वीडियो फुटेज जारी की है। इस फुटेज में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) नेवी के कमांडर ने अमेरिकी डिस्ट्रॉयर को सीधा आदेश दिया है कि वह अपना रास्ता बदलें और तुरंत हिंद महासागर की ओर लौट जाएं, वरना निशाना बनाया जाएगा।
वीडियो में IRGC कमांडर बार-बार कह रहे हैं, “यह अंतिम चेतावनी है।” ईरान की तरफ से अमेरिकी जहाज को आदेश की अनदेखी करने पर हमला करने की धमकी भी दी गई है। इसके अलावा, ओमान सागर में सभी जहाजों को चेतावनी दी गई है कि वे किसी भी युद्धपोत से कम से कम 10 मील की दूरी बनाए रखें, ऐसा नहीं होने पर बिना किसी सूचना के कार्रवाई की जाएगी।
यह वीडियो ईरानी दूतावासों और सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से शेयर किया गया। इसमें अमेरिकी युद्धपोत को IRGC नेवी स्टेशन के पास बताया गया है। ईरान का कहना है कि वह होर्मुज पर अपना नियंत्रण बनाए रखने के लिए पूरी तरह तैयार है।
ट्रंप ने की थी घोषणा
वीडियो रिलीज होने से लगभग दो घंटे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की थी कि अमेरिकी नौसेना होर्मुज में किसी भी जहाज को आने-जाने की अनुमति नहीं देगी। ट्रंप ने ईरान द्वारा जहाजों से टोल वसूलने को अनावश्यक बताया और कहा कि अमेरिका ईरान को सही समय पर खत्म करने के लिए तैयार है।
अमेरिका का दावा है कि उसके दो युद्धपोतों ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में विस्फोटक सुरंगों को हटाने का अभियान चलाया था। वहीं ईरान ने इसे अपना क्षेत्रीय अधिकार क्षेत्र बताया और अमेरिकी जहाजों को अनधिकृत घुसपैठ करार दिया।
होर्मुज का महत्व और बढ़ता तनाव
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया के तेल निर्यात का सबसे महत्वपूर्ण रास्ता है। यहां से रोजाना लाखों बैरल कच्चा तेल गुजरता है। ईरान ने पहले भी कहा था कि अगर जरूरी हुआ तो वह इस रास्ते को बंद कर सकता है। हाल ही में हुई पाकिस्तान में शांति वार्ता भी नाकाम रही, जिसके बाद दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया है।
ईरान ने कुछ चुनिंदा जहाजों को 20 लाख डॉलर का भुगतान करके गुजरने की अनुमति देने की बात भी कही है, लेकिन ट्रंप प्रशासन ने इसे सिरे से खारिज कर दिया है। यह घटना मध्य पूर्व में नए संघर्ष की आशंका बढ़ा रहा है। दोनों तरफ से सख्त बयानबाजी जारी है। ईरान का वीडियो जारी करना साफ संदेश है कि वह होर्मुज पर अपना नियंत्रण किसी भी कीमत पर छोड़ने को तैयार नहीं है। वहीं अमेरिका भी अपने नौसैनिक ताकत का प्रदर्शन कर रहा है।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 13 April 2026 at 07:20 IST