अपडेटेड 23 March 2026 at 10:54 IST
Iran: 'युद्ध की कीमत चुकानी पड़ती है...', होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों से तगड़ा टैक्स वसूल रहा ईरान, उल्टा पड़ रहा ट्रंप का दांव?
Strait of Hormuz: ट्रंप की धमकियों के बीच ईरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले कुछ जहाजों से तगड़ा टैक्स वसूल रहा है। ईरानी सांसद ने कहा कि यह ईरान की ताकत को दिखाता है। वहीं, राष्ट्रपति ने साफ किया कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज किसके लिए खुला है और किसके लिए बंद है?
Iran news: अमेरिका-इजरायल और ईरान में जारी जंग के बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर टेंशन चरम पर है। एक तरफ अमेरिका ने ईरान को इसे खोलने के लिए 48 घंटों का अल्टीमेटम दिया है। इस बीच, ईरान ने साफ कर दिया है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुश्मनों को छोड़कर बाकी सबके लिए खुला है। वहीं, ईरान इस जलमार्ग से गुजरने वाले चुनिंदा जहाजों से 20 लाख डॉलर (18 करोड़ से ज्यादा) ट्रांजिट शुल्क वसूलने का फैसला लिया है।
ऐसी खबरें पहले ही सामने आ रही थी कि तेल टैंकरों को होर्मुज स्ट्रेट पार करने के लिए मोटी रकम चुकानी पड़ रही है। ईरान ने शुल्क लगाने के पीछे की वजह युद्ध में हो रहे खर्चों को बताया है।
ईरानी सांसद ने क्या कहा?
ईरान इंटरनेशनल की एक रिपोर्ट के अनुसार, संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा समिति के सदस्य ईरानी सांसद अलाएद्दीन बोरौजेर्दी ने बताया कि यह शुल्क पहले ही लागू किया जा चुका है। बोरूजेर्दी के कहा कि जलडमरूमध्य से गुजरने वाले कुछ जहाजों से ट्रांजिट फीस के तौर पर 2 मिलियन डॉलर वसूलना ईरान की ताकत को दिखाता है।
उन्होंने आगे कहा, "अब क्योंकि युद्ध की कीमत चुकानी पड़ती है, इसलिए स्वाभाविक रूप से हमें ऐसा करना होगा। होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों से ट्रांज़िट फीस लेनी होगी।" उन्होंने दावा किया कि यह कदम इस्लामिक गणराज्य के "अधिकार" को दर्शाता है।
ट्रंप की धमकी पर भी किया पलटवार
ईरानी सांसद ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकी पर भी प्रतिक्रिया दी। दरअसल, ट्रंप ने ईरान को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को पूरी तरह खोलने के लिए 48 घंटों का समय दिया था। उन्होंने कहा था कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो अमेरिका उनके विभिन्न बिजली संयंत्रों पर हमला करेगा और उन्हें पूरी तरह से नष्ट कर देगा।
उनके इस बयान पर बोरौजेर्दी ने कहा कि इजरायल के ऊर्जा केंद्र भी ईरान की पहुंच में हैं और इसे एक दिन में नष्ट किया जा सकता है।
‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज सभी के लिए खुला है, सिवाए…’
इससे पहले ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर अपनी स्थिति साफ की। उन्होंने कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज सभी के लिए खुला है, सिवाए उनके जो हमारी जमीन, अधिकारों और संप्रभुता का उल्लंघन करते हैं।
ईरानी राष्ट्रपति ने ट्रंप की धमकियों पर तंज कसते हुए यह भी कहा कि ईरान को नक्शे से मिटा देने का भ्रम रखने वाले एक राष्ट्र की इच्छा के खिलाफ हताशा को दर्शाता है। धमकियां और आतंक केवल हमारी एकता को और मजबूत करते हैं। पेजेशकियान ने कहा कि हम युद्ध के मैदान में ऐसी बेतुकी धमकियों का पूरी दृढ़ता से सामना करते हैं।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 23 March 2026 at 10:54 IST