अपडेटेड 12 March 2026 at 19:58 IST

ट्रंप की धमियों से बेपरवाह ईरान ने खाड़ी में 2 तेल टैंकरों पर किया हमला, इजरायल पर दागे 4 बैलिस्टिक मिसाइल; अमेरिका को 11 अरब डालर का नुकसान

ईरान ने खाड़ी में दो तेल टैंकरों पर हमला किया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हुई और चालक दल के कई सदस्य लापता हैं। IDF ने तेहरान के पास तलेगान परमाणु स्थल पर हमला कर ईरान के हथियार कार्यक्रम को निशाना बनाया है।

ईरान ने इजरायल पर दागे 4 बैलिस्टिक मिसाइल | Image: AP

मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध ने नया मोड़ ले लिया है। ईरान ने फारस की खाड़ी में दो तेल टैंकरों पर हमला किया, जिसमें कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई चालक दल के सदस्य घायल या लापता हैं। इससे पता चलता है कि ईरान डोनाल्ड ट्रंप की धमियों से बेपरवाह है।

ये हमले गुरुवार को इराक के पास खाड़ी में हुए। मीडियो रिपोर्ट के अनुसार, ईरान की रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स ने एक टैंकर पर हमले की जिम्मेदारी ली, दावा किया कि जहाज ने चेतावनी को नजरअंदाज किया था। दूसरे टैंकर पर भी हमला हुआ, जिससे दोनों में आग लग गई। कुल 38 लोगों को बचाया गया, लेकिन कुछ लापता हैं और तलाशी अभियान जारी है।

इससे पहले बुधवार को थाई झंडे वाले जहाज 'मयूरी नारी' और लाइबेरिया झंडे वाले एक जहाज पर भी हमले हुए थे, जिसमें दो चालक दल के सदस्य लापता बताए जा रहे हैं। इस बीच, ओमान के सलालाह बंदरगाह पर ड्रोन हमलों से ईंधन टैंक प्रभावित हुए, जिससे बंदरगाह का संचालन निलंबित हो गया। यूएई के पास एक कंटेनर जहाज पर अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ। क्षेत्रीय देशों जैसे बहरीन, कुवैत और सऊदी अरब ने ईरानी ड्रोन और मिसाइलों को रोकने की कोशिश की, लेकिन कुछ जगहों पर आग लगने और नुकसान की खबरें हैं।

IDF ने परमाणु स्थल पर किया हमला

इजरायली रक्षा बलों (IDF) ने घोषणा की है कि उन्होंने तेहरान के पास तलेगान परिसर नामक एक महत्वपूर्ण परमाणु स्थल पर हमला किया है। IDF के अनुसार, यह स्थल ईरान के परमाणु हथियार विकास कार्यक्रम का हिस्सा था, जहां उन्नत विस्फोटकों और संवेदनशील प्रयोगों पर काम हो रहा था। यह AMAD प्रोजेक्ट से जुड़ा हुआ है।

IDF ने कहा कि ईरान ने अक्टूबर 2024 में इजरायल के पिछले हमले के बाद इस स्थल को फिर से सक्रिय करने की कोशिश की थी। हाल के दिनों में तेहरान में कई जगहों पर इजरायली हवाई हमले किए गए, जिनमें यह हमला भी शामिल है। IDF का दावा है कि यह ईरान के परमाणु महत्वाकांक्षाओं को कमजोर करने की एक श्रृंखला का हिस्सा है।

ईरान ने दागे 4 बैलिस्टिक मिसाइल

युद्ध के 13वें दिन भी ईरान ने इजरायल पर अपने मिसाइल हमले जारी रखे। गुरुवार की सुबह ईरान ने इजरायल चार मिसाइलें दागीं। ये नए हमले तेहरान की उस चेतावनी के बाद हुए हैं जिसमें उसने कहा है कि वह एक लंबा युद्ध छेड़ सकता है। इससे पहले बुधवार रात को ईरान ने लेबनान स्थित आतंकी संगठन हिजबुल्लाह के साथ मिलकर इजरायल पर हमला किया था। गुरुवार को हुए हमलों में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

यह संघर्ष 28 फरवरी 2026 से चल रहा है, जब अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर हमले शुरू किए थे। ईरान ने बदले में इजरायल पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं और क्षेत्रीय शिपिंग को निशाना बनाया है। खाड़ी में हमलों से वैश्विक तेल आपूर्ति प्रभावित हुई है। खाड़ी से रोजाना कम से कम 10 मिलियन बैरल उत्पादन प्रभावित हुआ है। ईरान ने चेतावनी दी है कि वह युद्ध को लंबा खींच सकता है।

ये भी पढ़ें: Kerala Elections 2026: चुनाव को लेकर अरविंद केजरीवाल की पार्टी AAP ने जारी की पहली लिस्ट, 22 उम्मीदवारों का ऐलान, देखें LIST

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 12 March 2026 at 19:58 IST