ईरान ने मार गिराया अमेरिकी A-10 ‘Warthog’ विमान, फुटेज जारी, एयर डिफेंस सिस्टम ने पहले किया टारगेट लॉक और फिर हमला
Iran war : ईरान एयरोस्पेस फोर्स ने दावा किया है कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने अमेरिकी A-10 ‘वारथॉग’ विमान को मार गिराया। ईरानी मीडिया ने घटना का फुटेज भी जारी किया है। यह घटना फारस की खाड़ी क्षेत्र में हुई बताई जा रही है।
ईरान के रक्षा बलों ने दावा किया है कि उन्होंने अमेरिकी वायुसेना का प्रमुख A-10 ‘Warthog’ विमान मार गिराया है। ईरान एयरोस्पेस फोर्स ने इसका फुटेज भी सार्वजनिक किया है, जिसमें एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा विमान को टारगेट बनाकर हमला करते हुए दिखाया गया है।
ईरान ने शुक्रवार को अलग-अलग हमलों में दो अमेरिकी सैन्य विमानों को मार गिराया, जिसमें एक सैन्यकर्मी को बचा लिया गया और कम से कम एक लापता है। लगभग पांच सप्ताह पहले युद्ध शुरू होने के बाद से अमेरिका को यह बड़ा झटका है। ईरान की एयरोस्पेस फोर्स ने एक वीडियो जारी किया है। इसमें दिखाया गया है कि उनके एयर डिफेंस सिस्टम ने अमेरिका का A-10 ‘वारथॉग’ अटैक प्लेन मार गिराया।
ईरानी स्टेट ब्रॉडकास्टर IRIB ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर यह जानकारी साझा की। वीडियो में एयर डिफेंस रडार और लक्ष्य प्रणाली को दिखाया गया है, जिसमें A-10 विमान पर लॉक किया गया है और फिर विमान पर हमला होता है। ईरान का कहना है कि यह घटना फारस की खाड़ी में हुई, जहां विमान को मार गिराया गया। वीडियो में हवा से ली गई तस्वीर दिख रही है
अमेरिका का दूसरा विमान ढेर
ईरान का यह दावा उस बड़े संघर्ष के बीच आया है जिसमें अमेरिका और इजरायल के साथ ईरान का तनाव बढ़ा हुआ है। AP न्यूज के अनुसार, हाल के दिनों में अमेरिका के दो विमान मार गिराए जाने की खबरें आई हैं, जिनमें एक F-15E स्ट्राइक ईगल भी शामिल है। F-15E के बाद ईरानी मीडिया ने A-10 को मार गिराने का दावा किया है।
A-10 ‘Warthog’
पेंटागन और व्हाइट हाउस ने इस पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की। A-10, जिसे वॉर्थोग उपनाम से भी जाना जाता है, अमेरिकी सेना का पुराना लेकिन मजबूत एक सिंगल-सीट वाला विमान है। A-10 को अमेरिकी वायुसेना का मजबूत ग्राउंड अटैक विमान माना जाता है, जो मुख्य रूप से जमीनी लक्ष्यों पर हमला करने के लिए जाना जाता है। इसका मजबूत डिजाइन और भारी हथियार ले जाने की क्षमता के कारण इसे ‘टैंक किलर’ भी कहा जाता है। ईरान का दावा है कि उनके डिफेंस सिस्टम ने इसे आसानी से पकड़ लिया।
अमेरिकी अधिकारियों ने भी माना है कि एक A-10 विमान गिर गया था, लेकिन उन्होंने कहा कि पायलट सुरक्षित बच गया और उसे रेस्क्यू कर लिया गया। अमेरिका ने अभी स्पष्ट नहीं कहा कि विमान ईरान के हमले से गिरा या कोई और वजह थी।
ईरान का एयर डिफेंस सिस्टम सतर्क
ईरान ने इस फुटेज के जारी होने के साथ ही कहा है कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम पूरी तरह सतर्क हैं और किसी भी हमले का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार हैं। इस घटना से मध्य पूर्व में तनाव और बढ़ने की आशंका है, खासकर जब अमेरिका और इजरायल पहले से ही ईरान पर हमले कर रहे हैं और क्षेत्रीय सुरक्षा स्थिति बिगड़ रही है।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 4 April 2026 at 07:20 IST