अपडेटेड 18 May 2023 at 18:49 IST
Cyclone Mocha की मार झेलने वाले म्यांमार की मदद के लिए पहुंचा भारत, शुरू किया ऑपरेशन करुणा
भारत सरकार ने म्यांमार की मदद के लिए Operation Karuna लॉन्च किया है। म्यांमार में Cyclone Mocha ने खूब तबाही मचाई है।
Operation Karuna Cyclone Mocha: समुद्री तूफान मोचा (Cyclone Mocha) ने म्यांमार में खूब तबाही मचाई है। इस साइक्लोन से म्यांमार (Myanmar) में कई जानें ले ली हैं। इसके साथ ही सैकड़ों लोग घायल भी हुए हैं। इस तबाही के बीच भारत ने म्यांमार के लिए मदद का हाथ बढ़ाया है। भारत सरकार ने म्यांमार की मदद के लिए ऑपरेशन करुणा (Operation Karuna) लॉन्च किया है। इसके तहत भारत से म्यांमार के लिए राहत सामग्री पहुंचा रही है।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भारत के ऑपरेशन करुणा को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि भारत पहला देश है, जो म्यांमार की मदद के लिए उतरा है। विदेश मंत्री ने कहा कि चक्रवात मोचा से प्रभावित म्यांमार के लोगों के लिए भारत ने दोस्ती का हाथ बढ़ाया। ऑपरेशन करुणा चल रहा है। राहत सामग्री लेकर भारतीय नौसेना के तीन जहाज आज यांगून पहुंचे। चौथा जहाज कल पहुंचेगा। जहाजों में आपातकालीन खाद्य सामग्री, टेंट, आवश्यक दवाएं, पानी के पंप, पोर्टेबल जनरेटर, कपड़े, स्वच्छता और स्वच्छता की वस्तुएं आदि हैं। भारत इस क्षेत्र में पहला उत्तरदाता बना हुआ है।
भारत का ऑपरेशन करुणा
भारत ने म्यांमार की मदद के लिए ऑपरेशन करुणा की शुरुआत की है। इस ऑपरेशन में इंडियन नेवी की चार जहाजों को तैनात किया गया है। ये शिप म्यांमार में राहत सामग्री लेकर पहुंच रही हैं। ऑपरेशन करुणा के तहत भारत मोचा साइक्लोन से प्रभावित लोगों के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाएगी। इसके साथ म्यांमार में घायलों के लिए मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे। जहां इलाज के साथ लोगों को हाइजीन के सामान भी बाटेंगे।
यह भी पढ़ें: Mocha ने Myanmar में मचाई तबाही, बाढ़ के कारण कई हिस्सों में संचार सेवा गुल, 700 लोग घायल
साइक्लोन मोचा
समुद्री तूफान मोचा कैटेगरी 5 का साइक्लोन है। यह तूफान रविवार को बांग्लादेश और म्यांमार में टकराया। तूफान के टकराने के दौरान म्यांमार में भारी बारिश हुई और 195 किमी प्रति घंटे की रफ्तार के हवाएं चलीं। कई इलाकों में बाढ़ के भी हालात उत्पन्न हो गए। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस तूफान में 100 के करीब लोगों की मौत हो गई हैं और कई लोग लापता बताए जा रहे हैं।
Published By : Nripendra Singh
पब्लिश्ड 18 May 2023 at 18:47 IST