'आपका बेसब्री से इंतजार', PM मोदी के उज्बेकिस्तान दौरे को लेकर युवाओं में जबरदस्त क्रेज, हिंदी में भेजा खास मैसेज; प्रधानमंत्री ने शेयर किया VIDEO
पीएम मोदी के दौरे को लेकर उज्बेकिस्तान के बच्चों में जबरदस्त उत्साह है। वे प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए अपनी उत्सुकता जाहिर कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री को एक स्पेशल मैसेज भेजा है। खास बात यह है कि उन्होंने यह संदेश हिंदी में भेजा है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read
PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी चार दिवसीय विदेशी यात्रा के लिए रवाना हो चुके हैं, जिसका पहला पड़ाव उज्बेकिस्तान है। इस दो दिवसीय दौरे के दौरान पीएम मोदी उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव के साथ एक उच्च-स्तरीय द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इस बैठक में दोनों देशों के बीच अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा होने की उम्मीद है। इस बीच, पीएम मोदी ने एक खास वीडियो शेयर किया है जिसमें उन्होंने उज्बेकिस्तान के युवाओं की तारीफ की है।
पीएम मोदी ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल पर उज्बेकिस्तान के बच्चों का एक बेहद खास और प्यारा वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में उज्बेकिस्तान के बच्चे पीएम मोदी के दौरे को लेकर जबरदस्त उत्सुकता दिखा रहे हैं। वे प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए अपनी उत्सुकता जाहिर कर रहे हैं और बेसब्री से उनकी राह ताक रहे हैं। खास बात यह है कि उन्होंने यह संदेश हिंदी में भेजा है।
खास मैसेज भेज बच्चों ने PM मोदी का जीता दिल
पीएम मोदी ने इस खूबसूरत वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, 'जैसा कि मैं अपना उज्बेकिस्तान दौरा शुरू करने वाला हूं, मैं उज्बेकिस्तान के अपने युवा दोस्तों का जोश देखकर बहुत खुश हूं, जिसे इस वीडियो में बहुत खूबसूरती से दिखाया गया है। जो बात इसे और भी खास बनाती है, वह यह है कि उन्होंने इसे हिंदी में किया और बहुत अच्छे से किया!'
इन मुद्दों पर होगी चर्चा
विदेश की यात्रा पर रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री ने अपने एक्स हैंडल पर बताया कि वह उज्बेकिस्तान और किर्गिज की यात्रा पर जा रहे हैं। उन्होंने लिखा, 'मैं 29 अगस्त से 1 सितंबर तक उज्बेकिस्तान और किर्गिज की यात्रा पर जा रहा हूं।' उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में भारत-उज्बेकिस्तान रणनीतिक साझेदारी में काफी प्रगति हुई है। मैं राष्ट्रपति मिर्जियोयेव के साथ व्यापार और निवेश, डिजिटल कनेक्टिविटी, रक्षा, ऊर्जा के क्षेत्रों में सहयोग को और गहरा करने और विकसित भारत और यांगी उज्बेकिस्तान के हमारे साझा विजन को आगे बढ़ाने पर चर्चा करने के लिए उत्सुक हूं।
उन्होंने आगे कहा कि मैं ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ ओरिएंटल स्टडीज में शास्त्री स्मारक और महात्मा गांधी केंद्र का भी दौरा करूंगा, जो दोनों देशों को जोड़ने वाले गहरे सांस्कृतिक और लोगों के बीच के संबंधों का प्रतीक है।
किर्गिज दौरे पर भी रहेंगे पीएम मोदी
इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी 1 सितंबर को किर्गिज के दौरे पर रहेंगे। उन्होंने कहा, 'किर्गिज के राष्ट्रपति सादिर झापारोव के निमंत्रण पर मैं 26वें एससीओ शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए बिश्केक जाऊंगा। यह सम्मेलन इस महत्वपूर्ण संगठन के 25 साल पूरे होने का प्रतीक है।'
SCO शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल
उन्होंने आगे कहा कि भारत 2017 से एससीओ का एक सक्रिय सदस्य रहा है। मैं सुरक्षा, संपर्क और अवसर पर आधारित इस क्षेत्र के लिए भारत के विजन को आगे बढ़ाने और आतंकवाद, अलगाववाद व चरमपंथ की बुराई से मुक्त क्षेत्र के लिए अन्य सदस्यों के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूं। ये बुराइयां हमारे पड़ोस और उससे आगे शांति और स्थिरता के लिए खतरा बनी हुई हैं।
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि मैं राष्ट्रपति झापारोव और एससीओ के अन्य नेताओं से मिलने और छठे वर्ल्ड नोमैड गेम्स के उद्घाटन समारोह में शामिल होने के लिए भी उत्सुक हूं। उन्होंने इसे मध्य एशिया की समृद्ध जीवंत की विरासत का उत्सव बताया और कहा कि इसका भारत बहुत सम्मान करता है।
यह भी पढ़ें: 'इतिहास की सबसे बड़ी डील', डोनाल्ड ट्रंप ने किया ऐलान- वेनेजुएला के 65 अरब बैरल तेल पर अमेरिका का कंट्रोल
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 29 August 2026 at 17:46 IST