अपडेटेड 7 August 2024 at 09:51 IST

बांग्लादेश में भीड़ ने जला डाला हिंदू सिंगर राहुल आनंद का 140 साल पुराना घर, सबकुछ लूट ले गए उपद्रवी

बांग्लादेश में उपद्रवियों ने संगीतकार राहुल आनंद के घर लूटपाट की। हजारों म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट्स चुरा कर ले गए। इसके बाद उनके घर को आग के हवाले कर दिया।

Bangladesh musician Rahul anand | Image: Republic

Attack on Bangladeshi Hindus: बांग्लादेश हिंसा के आग की चपेट में है। शेख हसीना सरकार के खिलाफ उठी विद्रोह की चिंगारी से पूरा मुल्क सुलग रहा है। उपद्रवियों की बेकाबू भीड़ पड़ोसी मुल्क में जमकर उत्पात मचा रही है। इस बीच वहां अल्पसंख्यकों को निशाना बनाया जा रहा है। ये भी दावा किया जा रहा है कि वहां हिंदुओं के घरों और मंदिरों के साथ तोड़फोड़ की जा रही है। अब इस हिंसा की चपेट में संगीतकार राहुल आनंद भी आ गए है। उनके घर को आग के हवाले कर दिया गया है।

खबरों के मुताबिक, राहुल आनंद के ढाका स्थित घर को हमलावरों ने सोमवार की दोपहर निशाने पर लिया। उपद्रवियों ने लूटपाट करने के बाद उनके कथित 140 साल पुराने घर को फूंक दिया। उपद्रवियों ने संगीतकार के 3 हजार से ज्यादा म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट्स लूटे। कहा जा रहा है कि संगीतकार राहुल, उनकी पत्नी और बच्चे किसी तरह से अपनी जान बचाकर भागने में सफल रहे।

एक्टर शांन्तो खान और उनके पिता की हत्या

इसके अलावा बांग्लादेश के एक्टर शांन्तो खान और उनके पिता पर भी बेकाबू भीड़ ने हमला बोल दिया। पहले तो दोनों पिता और बेटे ने खुद को बचाने की कई कोशिशें की। लेकिन हथियारों के सहारे हमलावरों से निपटने का प्रयास असफल रहा। बेकाबू भीड़ एक्टर और उनके पिता पर टूट पड़ी। हमलावरों ने दोनों को पीट-पीटकर मार डाला। शांन्तो खान के पिता सलीम खान चांदपुर सदर उपजिला के लक्ष्मीपुर मॉडल यूनियन परिषद के अध्यक्ष थे। इसके साथ ही वह फिल्मों का निर्देशन और निर्माण भी करते थे। सलीम खान मुजीबुर रहमान पर बनी फिल्म के प्रोड्यूसर थे।

हिंदुओं पर लगातार हो रहे हमले 

बता दें कि पूरे बांग्लादेश में स्थिति गंभीर है। समुदाय के नेताओं की दी गई जानकारी के अनुसार, हिंदुओं पर लगातार हमले हो रहे हैं। हिंदू मंदिरों, घरों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में तोड़फोड़ की जा रही है। महिलाओं पर भी हमला किया गया है। इसके अलावा अवामी लीग पार्टी से जुड़े कम से कम दो हिंदू नेताओं की हत्या कर दी गई। 

यह भी पढ़ें: जाहिल, बेशर्म या... उपद्रवियों ने लहराया अंडरगारमेंट, बांग्लादेश PM हाउस में लूटपाट का शर्मनाक VIDEO
 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 7 August 2024 at 09:44 IST