अपडेटेड 18 November 2024 at 18:41 IST

टूट गई लॉरेंस बिश्नोई की कमर, भाई अनमोल बिश्नोई कैलिफोर्निया से गिरफ्तार; 10 लाख का है इनामी

Gangster Anmol Bishnoi: गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई को कैलिफोर्निया में गिरफ्तार किया गया है। अनमोल बिश्नोई NIA की मोस्ट वांटेड लिस्ट में है।

गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई अनमोल बिश्नोई गिरफ्तार | Image: File

Gangster Anmol Bishnoi Arrested: जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को अब तक का सबसे बड़ा झटका लगा है। अमेरिका की कैलिफोर्निया पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई के छोटे भाई अनमोल बिश्नोई को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, मुंबई और दिल्ली पुलिस ने अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। सूत्रों के अनुसार, कैलिफोर्निया में अनमोल बिश्नोई के खिलाफ दो हफ्ते पहले गैर-जमानती वारंट जारी हुआ था। 

लॉरेंस का भाई अनमोल बिश्नोई मुंबई पुलिस की वॉन्टेड लिस्ट में शामिल है। उसके खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) सहीत कई मामले दर्ज हैं। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने अनमोल बिश्नोई पर 10 लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया हुआ है। अनमोल, बाबा सिद्दीकी की हत्या और 18 अन्य आपराधिक मामलों में आरोपी है। मुंबई पुलिस ने अप्रैल में उसके लिए लुक आउट सर्कुलर (LOC) नोटिस जारी किया था।

सलमान खान को दी धमकी

अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी और धमकी देने का भी अनमोल बिश्नोई पर आरोप है। इस साल अप्रैल में, अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी की जांच कर रही मुंबई पुलिस ने अनमोल बिश्नोई के लिए लुकआउट सर्कुलर जारी किया था। अनमोल ने इसे सलमान खान की पहली और आखिरी चेतावनी बताते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था।

वॉन्टेड अनमोल बिश्नोई के खिलाफ दो हफ्ते पहले मकोका से संबंधित मामलों की विशेष अदालत ने गैर-जमानती वारंट जारी किया था। इसके बाद अमेरिका की तरफ से बताया गया था कि अनमोल उनके देश में मौजूद है। 

अमेरिका से चलाता था भाई लॉरेंस का गैंग

अनमोल बिश्नोई NIA की मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल है। पिछले दिनों मुंबई में हुए हाईप्रोफाइल बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के बाद NIA ने अनमोल बिश्नोई को अपनी मोस्ट वांटेड सूची में शामिल किया था। उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने वाले को 10 लाख रुपये का इनाम देने की पेशकश की थी। दावा है कि पंजाब के फाजिल्का का रहने वाला अनमोल बिश्नोई अमेरिका से लॉरेन्स बिश्नोई के गैंग को गोल्डी बराड़ के साथ मिलकर चलाता था।

अनमोल का असली नाम भानु है, जिसका जिक्र NIA ने भी किया है। अनमोल जोधपुर जेल में रह चुका है और 7 अक्टूबर, 2021 को वो जमानत पर रिहा हुआ था। उसके बाद फर्जी पासपोर्ट पर कनाडा भाग गया था।

अनमोल बिश्नोई की 'क्राइम कुंडली'

अनमोल बिश्नोई पर 18 से ज्यादा आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। 15 अप्रैल को सलमान खान के घर पर फायरिंग की जिम्मेदारी भी अनमोल बिश्नोई ने ली थी। पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या में भी अनमोल बिश्नोई शामिल था। उसने विदेश में बैठकर पूरी साजिश में गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा के साथ प्लानिंग की थी।

NIA ने अनमोल के खिलाफ 26 अगस्त, 2022 को मुकदमा दर्ज किया था। उसके पहले 4 अगस्त, 2022 को भारतीय दंड संहिता की धारा 120बी और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, 1967 की धारा 17, 18 और 18बी के तहत FIR लिखी थी। NIA के मुताबिक, भारत और विदेशों में क्रिमिनल सिंडिकेट और गैंग की साजिशों से संबंधित घटनाओं में अनमोल का नाम जुड़ा था। 

ये भी पढ़ें: यू-ट्यूबर सौरभ जोशी को धमकी वाला शख्स गिरफ्तार, लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर मांगी थी रंगदारी

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 18 November 2024 at 18:02 IST