अपडेटेड 25 December 2025 at 08:48 IST
Nigeria mosque blast: नाइजीरिया की मस्जिद में नमाज के वक्त जोरदार धमाका, 7 लोगों के मारे जाने की खबर
Blast At Mosque In Nigeria: मस्जिद में जब लोग नमाज अदा कर रहे थे, इसी दौरान नाइजीरिया की एक मस्जिद में जोरदार धमाका हुआ है। हमले में 7 लोगों के मारे जाने की खबर है। अब तक किसी ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
Nigeria Blast news: नाइजीरिया से एक मस्जिद में बम धमाके की खबर सामने आई है। बोर्नो राज्य की राजधानी मैदुगुरी में बुधवार, 24 दिसंबर शाम मस्जिद में जोरदार विस्फोट हुआ। बताया जा रहा है कि धमाका उस वक्त हुआ जब लोग शाम की मगरिब की नमाज अदा कर रहे थे। आधिकारिक आंकड़ा तो सामने नहीं आया। हालांकि इस घटना में 7 नमाजियों की मौत की खबर है। किसी भी सशस्त्र समूह ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, विस्फोट शाम करीब 6 बजे हुआ। गाम्बोरू मार्केट इलाके में स्थित मस्जिद में जोरदार धमाका हुआ। स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की ओर से फिलहाल हताहतों की संख्या को लेकर कोई बयान जारी नहीं किया है।
धमाका होते ही मच गई चीख-पुकार
स्थानीय लोगों ने घटना को लेकर बताया है कि मस्जिद के अंदर से अचानक तेज धमाके की आवाज आई। इसके बाद वहां देखते ही देखते चीख-पुकार मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। पूरे इलाके में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि धमाका इतना भीषण था कि इससे मस्जिद की दीवारें हिल गई।
जांच में जुटे सुरक्षाबल
वहीं, मिलिशिया नेता बाबकुरा कोलो के मुताबिक शुरुआती जांच में यह एक संदिग्ध बम धमाका लग रहा है। वहां मौजूद कुछ लोगों का मानना है कि विस्फोटक डिवाइस को पहले ही मस्जिद के अंदर छिपाकर लगाई गई थी, जिससे नमाज के समय ज्यादा नुकसान पहुंचाया जा सके। वहीं, कुछ लोग इसे आत्मघाती हमला (सुसाइड बॉम्बिंग) भी बता रहे हैं। हालांकि अब तक किसी भी हथियारबंद गुट की ओर से इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली गई है। हमले के बाद सुरक्षाबल घटना की जांच में जुट गए है। वहीं, इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
बता दें कि मैडुगुरी बोर्नो राज्य की राजधानी है। यह क्षेत्र लंबे समय से बोको हरम और इसके गुट इस्लामिक स्टेट वेस्ट अफ्रीका प्रांत (ISWAP) की हिंसा का केंद्र रहा है। शहर में पिछले कुछ सालों में कोई बड़ा हमला नहीं हुआ था। बोको हराम ने 2009 में बोर्नो राज्य से अपने विद्रोह की शुरुआत की थी। उसका मकसद इस्लामिक शासन स्थापित करना बताया जाता है।
संयुक्त राष्ट्र के आंकड़ों के अनुसार, साल 2009 से जारी हिंसा में अबतक कम से कम 40 हजार लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। करीब 20 लाख लोग अपने घर छोड़ने को भी मजबूर हुए हैं।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 25 December 2025 at 08:48 IST