‘डिजिटल बेटे’ से रोज बात करती है... हार्ट पेशेंट मां नहीं सह पाती बेटे की मौत का सदमा, परिवार ने बनवाया AI क्लोन और सबकुछ चंगा
China News: महिला ने एक कार दुर्घटना में अपने इकलौते बेटे को खो दिया था। उनकी नाजुक सेहत को देखते हुए, परिवार ने उन्हें सच नहीं बताया और झूठ को बरकरार रखने के लिए टेक्नोलॉजी का सहारा लिया।
China News: जिस तरह टेक्नोलॉजी धीरे-धीरे दुनियाभर में हर जगह अपने पैर पसार रही है, वो वाकई काफी हैरान करने वाला है। अब इसका इस्तेमाल न केवल प्रोफेशनल तरीकों में, बल्कि निजी कारणों से भी किया जा रहा है। ऐसा ही एक शॉकिंग मामला चीन से सामने आया है जहां एक परिवार ने मृत सदस्य का AI क्लोन बना डाला।
ये घटना चीन के शेडोंग प्रांत की हैं। हृदय रोग से पीड़ित एक 80 वर्षीय मां ने पिछले साल एक कार दुर्घटना में अपने इकलौते बेटे को खो दिया था। उनकी नाजुक सेहत को देखते हुए, परिवार ने उन्हें सच नहीं बताया और इस झूठ को बरकरार रखने के लिए टेक्नोलॉजी का सहारा लिया।
AI से बनाए गए ‘बेटे’ से बात करती है मां
परिवार ने जियांग्सू प्रांत के झांग जेवेई की टीम की मदद से बेटे का एक डिजिटल क्लोन बना दिया। साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की एक रिपोर्ट के अनुसार, यह एआई "बेटा" अब वीडियो चैट के जरिए हर रोज अपनी मां से बात करता है, उनका हालचाल जानता है और उनके सवालों का जवाब देता है। इस AI क्लोन की शक्ल, हाव भाव, आवाज, बात करने का तरीका, एक्सप्रेशन बिल्कुल उस मृत बेटे से मिलते-जुलते हैं।
ये क्लोन उस मृत शख्स की सैकड़ों तस्वीरों, वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग का यूज करके बनाया गया है। नतीजा यह हुआ कि वो अब हूबहू उस मृत आदमी की तरह ही रियल लगता है। ये क्लोन उस आदमी के बेटे ने बनवाया है जो अपनी दादी से उनके इकलौते बेटे की मौत की खबर छुपा रहे थे।
मां से छुपाई गई बेटे की मौत की खबर
वो बुजुर्ग औरत उस AI क्लोन को अपना असली बेटा मानकर ही उससे बात करती है। वो अपने बेटे से समय पर खाना खाने, गर्म कपड़े पहनने और बाहर जाते वक्त अपना ख्याल रखने के लिए कहती है। जवाब में वो AI बेटा भी उसकी बात मान लेता है। वो कहता है कि वो पैसा कमाने के लिए दूसरे शहर में काम करने गया है और अभी उसके पास लौट नहीं सकता।
एक बातचीत के दौरान मां ने कहा- “तुम मुझे ज्यादा फोन किया करो ताकि मुझे पता रहे कि तुम दूसरे शहर में ठीक से रह रहे हो या नहीं। मुझे तुम्हारी बहुत याद आ रही है। मुझे बहुत दुख है कि मैं तुमसे मिल नहीं पा रही हूं”। उसके जवाब में बेटा बोला- “ठीक है मां। मैं बहुत बिजी हूं। मैं आपसे लंबे समय तक बात नहीं कर सकता। आप अपना ख्याल रखना। जब मेरे पास पर्याप्त पैसे आ जाएंगे, तो मैं घर लौट आऊंगा।”
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 15 April 2026 at 19:38 IST