अपडेटेड 2 January 2026 at 12:36 IST

गिरती आबादी से परेशान चीन, जन्म दर बढ़ाने के लिए कंडोम और गर्भनिरोधक दवाओं पर लगा रहा 13% टैक्स

चीन ने जन्म दर बढ़ाने के लिए 1 जनवरी 2026 से तीन दशक पुरानी टैक्स छूट खत्म करते हुए कंडोम और गर्भनिरोधक दवाओं पर 13% VAT लगा दिया। यह गिरती आबादी से निपटने का हिस्सा है।

गिरती आबादी से परेशान चीन | Image: Reuters

China Birth Rate : चीन की जनसंख्या लगातार घट रही है। 1980 से 2015 तक चली 'एक बच्चे की नीति' के बाद अब देश कम जन्म दर की समस्या से जूझ रहा है। इसी कड़ी में चीन सरकार ने एक नया कदम उठाया है।

चीन ने लगातार घटती आबादी को देखते हुए 1 जनवरी 2026 से गर्भनिरोधक दवाओं और उपकरणों पर तीन दशक पुरानी टैक्स छूट खत्म कर दी गई है। अब कंडोम और गर्भनिरोधक गोलियों पर 13% वैल्यू एडेड टैक्स (VAT) लगेगा। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब बीजिंग दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था में जन्म दर बढ़ाने के लिए संघर्ष कर रहा है।

1993 में मिली थी छूट

यह बदलाव चीन की नई वैल्यू एडेड टैक्स कानून का हिस्सा है, जो 2024 में पारित हुआ था। पहले 1993 से इन उत्पादों को टैक्स से छूट दी गई थी, जब सरकार जनसंख्या नियंत्रण पर जोर दे रही थी। अब नीति उलट गई है, सरकार जन्म दर को प्रोत्साहित करना चाहती है।

कॉलेजों में लव एजुकेशन

यह कदम जन्म दर को प्रोत्साहित करने की दिशा में उठाया गया है। इसके अलावा सरकार ने चाइल्ड केयर सब्सिडी को व्यक्तिगत आयकर से छूट दी है। वार्षिक चाइल्ड केयर सब्सिडी शुरू कर कॉलेजों में लव एजुकेशन को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि शादी, प्रेम और परिवार को सकारात्मक रूप से दिखाया जाए।

माना जा रहा है कि इस कदम से जन्म दर पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा, क्योंकि बच्चा पैदा करने और पालने की लागत बहुत अधिक है। कुछ लोगों ने इस पर चिंता जताई है कि इससे अनचाही गर्भावस्था या यौन संचारित रोग बढ़ सकते हैं।

क्यों घट रही है चीन की जन्म दर?

2024 में चीन की जनसंख्या में लगातार तीसरे साल गिरावट दर्ज की गई और विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि यह गिरावट जारी रहेगी। चीन जन्म दर रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गई है। शहरीकरण, महंगी शिक्षा, चाइल्ड केयर की अधिक लागत, नौकरी की अनिश्चितता और आर्थिक मंदी जैसे कारणों से युवा शादी और बच्चे पैदा करने से हिचकिचा रहे हैं। 2015 में दो बच्चे और 2021 में तीन बच्चे की नीति अपनाने के बावजूद जन्म नहीं बढ़े।

ये भी पढ़ें: मुंह में सिगरेट, हाथों में शराब का जाम और जुआ... कर्नाटक की कुलबर्गी जेल में कैदियों की 'रॉयल मेहमाननवाजी', BJP ने उठाए सवाल

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 2 January 2026 at 12:36 IST