अपडेटेड 23 August 2024 at 16:41 IST

नेपाल हादसे में 14 भारतीयों की मौत के बाद मदद के लिए आगे आया भारतीय दूतावास, हेल्पलाइन नंबर जारी

नेपाल में 150 मीटर गहरी नदी में यात्रियों से भरी बस गिर गई, जिसमें 14 भारतीयों की मौत हो गई। इंडियन एंबेसी ने मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है।

नेपाल हादसे को लेकर भारतीय दूतावास ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर। | Image: ANI

नेपाल में यात्रियों से भरी बस मार्शयांदी नदी में 150 मीटर नीचे गिर गई। बस पोखरा से काठमांडू जा रही थी और करीब 43 भारतीय इसमें सवार थे। जानकारी के अनुसार अबतक करीब 14 लोगों की मौत हो गई है। वहीं रेस्क्यू टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर ऑपरेशन शुरू कर दिया है। वहीं नेपाल में भारतीय एंबेसी ने मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है।

इंडियन एंबेसी ने घटना की जानकारी दी और हेल्पलाइन नंबर जारी कर लिखा, "पोखरा से काठमांडू जा रही एक भारतीय टूरिज्म बस, जिसमें लगभग 43 भारतीय सवार थे, आज मार्शयांदी नदी में 150 मीटर नीचे गिर गई। नेपाल में भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य कर रहा है। दूतावास का इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर ये रहा- +977-9851107021." 

UP सरकार ने SDM को भेजा नेपाल

उत्तर प्रदेश सरकार ने नेपाल में हुई इस घटना का संज्ञान लेते हुए राहत पहुंचाने के लिए एक उप जिलाधिकारी (एसडीएम) को नेपाल भेजा। इसके साथ ही एक अपर जिलाधिकारी (एडीएम) को समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उत्तर प्रदेश के राहत आयुक्त जीएस नवीन कुमार ने मामले में बयान जारी कर कहा, “मीडिया रिपोर्टों और विदेश मंत्रालय, नेपाल डिवीजन से पुष्ट खबर के अनुसार, आज लगभग 11:30 बजे दिन में पंजीकरण संख्या- उप्र 53 एफडी 7623 नंबर की एक बस, जिसमें चालक और एक सहायक सहित महाराष्ट्र के लगभग 41 यात्री सवार थे, नेपाल के तनहुन जिले के आंबुखैरेनी क्षेत्र में मार्सयांगडी नदी में लगभग 150 मीटर नीचे गिर गई।”

अबतक 31 लोगों को किया गया रेस्क्यू

बयान के अनुसार इस घटना में अब तक 31 लोगों को बचाया गया। सभी यात्रियों को अस्पताल ले जाया गया है। नेपाल पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल और नेपाल सेना द्वारा खोज और बचाव अभियान जारी है। बयान में कहा गया कि यूपी सरकार ने एसडीएम महाराजगंज को घटनास्थल पर भेजा है।

अधिकारी ने यह भी कहा कि एडीएम महराजगंज को विदेश मंत्रालय, स्थानीय अधिकारियों के साथ खोज और बचाव कार्यों के समन्वय की जिम्मेदारी दी गयी है। मध्य नेपाल में यूपी के गोरखपुर जिले की नंबर प्लेट वाली एक बस शुक्रवार को तनहुन जिले के आइना पहारा में राजमार्ग पर पलट कर मार्सयांगडी नदी में गिर गई।

इसे भी पढ़ें: यूक्रेन रूस पर कर रहा ताबड़तोड़ हमले, रूसी बंदरगाह पर मिसाइल अटैक से भारी तबाही, जारी किया VIDEO

Published By : Kanak Kumari Jha

पब्लिश्ड 23 August 2024 at 15:58 IST