अपडेटेड 15 February 2026 at 09:15 IST
ढाका जाएंगे प्रधानमंत्री मोदी? तारिक रहमान के शपथ ग्रहण में शामिल होने के लिए बांग्लादेश ने दिया भारत को न्योता, 17 फरवरी को समारोह
Tarique Rahman Oath Ceremony: बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के अध्यक्ष तारिक रहमान 17 फरवरी को बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ लेने जा रहे हैं। उनके शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए कई देशों के प्रमुखों को निमंत्रण भेजा गया है, जिसमें भारत भी शामिल हैं। सवाल है कि क्या पीएम मोदी ढाका जाएंगे?
Bangladesh news: बांग्लादेश चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की ऐतिहासिक जीत के बाद BNP के अध्यक्ष तारिक रहमान अगले प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने के लिए तैयार हैं। शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन 17 फरवरी को राष्ट्रीय संसद भवन के साउथ प्लाजा में होगा। रहमान के शपथ ग्रहण समारोह के लिए 13 देशों को न्योता दिया गया है, जिसमें भारत भी शामिल है। बांग्लादेश ने समारोह के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निमंत्रित किया गया है।
बांग्लादेश में शेख हसीना के नेतृत्व वाली अवामी लीग सरकार के पतन के बाद 12 फरवरी को संसदीय चुनाव हुए, जिसमें BNP ने बड़ी जीत हासिल की। तारिक रहमान के नेतृत्व में BNP गठबंधन ने संसद की 299 सीटों में से 212 सीटें जीतकर दो-तिहाई बहुमत हासिल किया है। वहीं, जमात-ए-इस्लामी (JeI) गठबंधन 77 सीटों के साथ दूसरे सबसे बड़े गुट के रूप में उभरा है।
कार्यक्रम के लिए तैयारियां जोरों पर
चुनाव में शानदार जीत के बाद बांग्लादेश में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां तेज हो चुकी हैं। रहमान 17 फरवरी को अपने मंत्रिमंडल के साथ शपथ लेंगे। उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल है। कार्यक्रम को भव्य बनाने की तैयारी है। शपथ ग्रहण समारोह में कई विदेशी मेहमानों के भी आने की संभावना है। इसके लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
13 देशों को भेजा गया न्योता
शपथ ग्रहण समारोह होने के लिए जिन 13 देशों को निमंत्रण भेजा गया है, उनमें भारत, चीन, सऊदी अरब, पाकिस्तान, तुर्किये, यूएई, कतर, मलेशिया, ब्रुनेई, श्रीलंका, नेपाल, मालदीव और भूटान शामिल हैं।
PM मोदी के बांग्लादेश जाने की संभावना क्यों कम?
बांग्लादेश ने समारोह के लिए भारत को इनवाइट किया है, लेकिन क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ढाका जाएंगे? ये एक बड़ा सवाल है। शपथ ग्रहण समारोह के लिए पीएम मोदी के बांग्लादेश जाने की संभावना कम लग रही है। ऐसा इसलिए क्योंकि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भी इसी दिन अपने तीन दिवसीय भारत दौरे पर आ रहे हैं। मैक्रों 17 से 19 तक भारत में रहेंगे और इस दौरान कई कार्यक्रम पहले से तय हैं।
17 फरवरी को ही मुंबई में पीएम मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों की द्विपक्षीय बैठक निर्धारित है। फ्रांसीसी राष्ट्रपति भारत यात्रा के दौरान AI इम्पैक्ट समिट में भाग लेने आ रहे हैं। हालांकि, बताया जा रहा है कि भारत की ओर से समारोह में किसी वरिष्ठ नेता को भेजा जा सकता है।
भारत और बांग्लादेश के बीच रिश्तों में पिछले कुछ समय से तनाव आया है। हालांकि अब नई सरकार बनने से इसमें सुधारने आने की संभावना जताई जा रही है। इससे पहले बांग्लादेश चुनाव में BNP की जीत पर पीएम मोदी ने तारिक रहमान को बधाई दी थी। इसके बाद दोनों नेताओं की फोन पर भी बातचीत हुई।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 15 February 2026 at 09:15 IST