अपडेटेड 10 March 2026 at 07:54 IST
Iran-Israel War:ईरान की ओर से इजरायल को निशाना बनाकर फिर दागी गई मिसाइलें, जवाबी कार्रवाई में IDF ने इस्फहान एयरपोर्ट पर किया हमला, F-16 विमान तबाह
ईरान की ओर इजरायल के कई शहरों पर मिसाइलें दागी गई। जवाबी कार्रवाई में इजरायली सेना ने ईरान के इस्फहान एयरपोर्ट और आसपास के सैन्य ठिकानों पर हमला किया।
मिडिल ईस्ट में तनाव अब भी बरकरार है। अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध का आज 11वां दिन है। जंग दिन पर दिन और भीषण होती जा रही है। दोनों ओर से एक दूसरे के सैन्य ठिकाने को निशाना बनाकर लगातार हमले हो रहे हैं। रविवार को ईरान की ओर इजरायल के कई शहरों पर मिसाइलें दागी गई। जवाबी कार्रवाई में इजरायली सेना ने ईरान के इस्फहान एयरपोर्ट और आसपास के सैन्य ठिकानों पर हमला किया। IDF ने ईरानी सेना के F-16 विमान को मार गिराने का दावा किया है।
आईडीएफ (इजरायल डिफेंस फोर्सेस) के अनुसार, इजरायल के हमले में ईरान का एक F-16 विमान पूरी तरह तबाह हो गया। इसके अलावा तेहरान में बड़ा हमला हुआ, जिसमें कम से कम 20 लोगों की मौत की खबर है। ईरानी अधिकारियों के अनुसार, अमेरिका और इजरायल के हमलों से अब तक ईरान में 1,332 लोगों की जान जा चुकी है।
IDF ने ईरान के हमले की पुष्टि की
IDF ने ईरानी हमले की पुष्टि करते हुए बताया कि ईरान से एक नया बैलिस्टिक मिसाइल हमला लॉन्च किया गया था। यह मिसाइल उत्तरी इजरायल के एक खुले इलाके में गिरी। आधी रात के बाद हुए इस 10वें हमले में किसी के घायल होने की कोई सूचना नहीं है। वेस्टर्न गैलिली क्षेत्र में सायरन बजाए गए थे, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। दूसरी ओर, ईरान ने खाड़ी देशों पर अपना हमला तेज कर दिया है।
ईरान ने इन देशों पर भी किए हमले
ईरान ने एक बार फिर अपने मित्र देशों दुबई, कुवैत और बहरीन में मिसाइल और ड्रोन हमले हुए हैं। जॉर्डन ने दावा किया है कि उसने 100 से अधिक ईरानी हमलों को नाकाम किया या रोका है। तुर्की ने भी ईरान को मिसाइल हमलों के खिलाफ चेतावनी जारी की है।
ऑपरेशन पूरा होने तक जारी रहेगा हमला-ट्रंप
अमेरिका की ओर साफ कर दिया गया है कि ऑपरेशन पूरा होने तक ईरान पर हमले जारी रहेंगे। अमेरिका ईरान के परमाणु भंडार पर कब्जे की संभावना पर विचार कर रहा है। वहीं, दूसरी और ईरान भी घुटने टेकने के इरादे में बिल्कुल भी नजर नहीं आ रहा है। ईरान ने अपने नए सुप्रीम लीडर के रूप में मोजतबा खामेनेई की नियुक्ति की है, जिसके बाद बीती रात उनके समर्थन में तेहरान में समर्थकों की बड़ी भीड़ जमा हुई है।
मोजतबा खामेनेई के हाथों ईरान की कमान
ईरान के नेतृत्व में यह बदलाव देश के लंबे समय से सुप्रीम लीडर रहे अली खामेनेई की पिछले हफ्ते US-इजराइल एयरस्ट्राइक में मौत के बाद हुआ। इधर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ किसी भी तरह की बातचीत या समझौते की संभावना नहीं है। उन्होंने साफ किया कि ईरान के साथ कोई डील नहीं होगी। उसे बिना शर्त सरेंडर करना होगा।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 10 March 2026 at 07:35 IST