अपडेटेड 7 March 2026 at 11:53 IST
नेपाल में Gen-Z सरकार, कौन हैं 35 साल के बालेन शाह जिनका PM बनना तय! भारत को लेकर कैसी है सोच?
Balen Shah: नेपाल चुनाव में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) ऐतिहासिक जीत दर्ज की ओर है। बालेन शाह का प्रधानमंत्री बनना तय माना जा रहा है। उनकी जीत से भारत-नेपाल संबंधों पर काफी असर पड़ सकता है।
Nepal Election Result 2026: नेपाल की राजनीति में एक नया अध्याय शुरू होने वाला है। रैपर से राजनेता बने बालेन शा आम चुनावों में अपनी राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) के नेतृत्व में भारी बहुमत की ओर बढ़ रहे हैं। काठमांडू के पूर्व मेयर के रूप में उन्होंने युवाओं और जनरेशन Z के बीच अच्छी खासी लोकप्रियता हासिल की है। उन्होंने नेपाली कांग्रेस और सीपीएन-यूएमएल को पीछे छोड़ दिया है और नेपाल के अगले प्रधानमंत्री बनने की राह पर हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि बालेन शाह के प्रधानमंत्री बनने से भारत संग नेपाल के रिश्तों पर क्या असर पड़ेगा? भारत को लेकर उनका रूख कैसा है?
नेपाल चुनाव आयोग ने देश के आम चुनावों के शुरुआती रुझान जारी किए हैं। इसमें राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) 98 सीटों पर, नेपाली कांग्रेस 11 सीटों पर और CPN-UML (कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल- यूनिफाइड मार्क्सिस्ट लेनिनिस्ट) 11 सीटों पर आगे है। ऐसे में चुनाव में RSP की जीत और बालेन शाह का प्रधानमंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है।
कौन हैं बालेन शाह?
बालेन शाह का राजनीतिक सफर असाधारण है। वह 2022 में स्वतंत्र उम्मीदवार के तौर पर काठमांडू मेयर चुने गए थे। इसके बाद उन्होंने शहर की स्वच्छता, ट्रैफिक और पर्यावरण सुधारों जैसे मुद्दों पर फोकस किया। उनके गाने भ्रष्टाचार और सामाजिक मुद्दों पर केंद्रित रहे हैं, जो युवाओं को काफी आकर्षित करते हैं।
बालेन शाह का भारत से भी गहरा कनेक्शन रहा है। वो पेशे से सिविल इंजीनियर हैं। उन्होंने कर्नाटक की विश्वेश्वरैया टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी से स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग में मास्टर्स किया है।
भारत विरोधी रहा है बालेन का रूख
हालांकि, उनके कुछ फैसले भारत-विरोधी माने जाते हैं। 2023 में उन्होंने अपने ऑफिस में 'ग्रेटर नेपाल' का नक्शा लगाया, जिसमें भारत के कुछ इलाके जैसे उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल के हिस्से नेपाल में दिखाए गए। यह भारत की नई संसद में लगे 'अखंड भारत' के भित्तिचित्र के जवाब के तौर पर था।
बालेंद्र शाह ने प्रभास, कृति सैनन और सैफ अली खान की फिल्म 'आदिपुरुष' के एक डायलॉग 'सीता भारत की बेटी हैं' पर भी आपत्ति जताई थी। उन्होंने इसे नेपाल की सांस्कृतिक पहचान पर हमला बताया और भारतीय फिल्मों पर बैन लगाने की मांग कर दी थी। मान्याताएं हैं कि माता सीता का जन्म नेपाल के दक्षिण-पूर्व स्थित जनकपुर में हुआ था।
साल 2025 में बालेन शाह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने भारत, अमेरिका और चीन के खिलाफ गाली-गलौज वाली भाषा इस्तेमाल किया। हालांकि बाद में उन्होंने इस पोस्ट को डिलीट कर दिया। उनकी पार्टी के मेनिफेस्टो संतुलित विदेश नीति पर जोर दिया गया है।
नेपाल के सबसे युवा प्रधानमंत्री बनेंगे
बता दें कि नेपाल में पिछले साल हुए Gen-Z आंदोलन के बाद वहां आम चुनाव हुए हैं। इन प्रदर्शनों के चलते तत्कालीन प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था और संसद भंग कर दी गई थी। नेपाल के आम चुनावों में RSP ने बहुमत हासिल किया तो 35 साल के बालेन नेपाल के सबसे युवा प्रधानमंत्री बन सकते हैं।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 7 March 2026 at 11:53 IST