अपडेटेड 18 June 2024 at 12:49 IST
इटली में बड़ा हादसा, दो जहाज डूबने से 11 लोगों की हुई मौत, 64 लोग लापता
Ships Sink: नाव के डूबने के बाद लापता हुए लोगों की तलाश अब भी जारी है। दो इतालवी गश्ती नौकाओं के साथ एक एटीआर42 का विमान भी इसमें जुटा है।
Italy News: इटली के दक्षिणी तट पर सोमवार (17 जून) को जहाज डूबने से बड़ा हादसा हो गया। यहां दो जहाज डूबने से 11 लोगों की मौत हुई है, जबकि 64 लोग समुद्र में लापता हो गए। वहीं, इस दौरान कई लोगों को बचा भी लिया गया है। संयुक्त राष्ट्र की एजेंसियों ने हादसे से संबंधित एक बयान में यह जानकारी दी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रवासी नावों में खराबी आने के कुछ घंटों बाद देर रात तक भूमध्य सागर में इटली के कोस्ट गार्ड ने खोज और बचाव अभियान चलाते रहे। लोगों को बचाने के लिए रेस्क्यू अब भी जारी है।
रेस्क्यू ऑपरेशन अब भी जारी
दक्षिणी इटली में कैलाब्रिया के तट से 120 मील की दूरी पर एक फंसी हुई नाव को देखकर मर्चेंट शिप ने SOS कॉल किया। फिर बचाव अभियान चलाया गया। इस दौरान मर्चेंट शिप ने 12 लोगों को बचाया। हालांकि जहाज से उतरने के तुरंत बाद ही वहां एक महिला की मौत हो गई, क्योंकि वह बेहद बीमार थीं।
रिपोर्ट की मानें तो कोस्ट गार्ड ने एक बयान में बताया है कि नाव के डूबने के बाद लापता हुए लोगों की तलाश अब भी जारी है। दो इतालवी गश्ती नौकाओं के साथ एक एटीआर42 का विमान भी इसमें जुटा है। हादसे में बचे लोगों ने बताया कि नाव पिछले हफ्ते तुर्की से चली थी। इसमें इराक, सीरिया, ईरान और अफगानिस्तान से प्रवासी और शरणार्थी सवार थे।
दूसरे हादसे में 10 लोगों की हुई मौत
इससे पहले जर्मन सहायता समूह रेस्कशिप के साथ एक बचाव दल ने एक हादसे में 10 प्रवासियों को मृत पाया। इटली के सबसे दक्षिणी द्वीप लैम्पेडुसा से दूर माल्टा के पास फंसी नाव में सवार 51 लोगों को बचाया गया। हादसे में बचे लोग बांग्लादेश, पाकिस्तान, मिस्र और सीरिया से थे। इटली के गृह मंत्रालय ने जहाज को लैम्पेडुसा में डॉक करने का आदेश भी दिया था।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 18 June 2024 at 08:43 IST