प्रधानमंत्री मोदी ने माजारग्वेज कब्रिस्तान का दौरा कर भारतीय जवानों को श्रद्धांजलि दी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ मारसेई शहर के ऐतिहासिक माजारग्वेज युद्ध कब्रिस्तान का दौरा किया।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 1 min read
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ मारसेई शहर के ऐतिहासिक माजारग्वेज युद्ध कब्रिस्तान का दौरा किया और पहले विश्व युद्ध में बलिदान देने वाले भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। प्रधानमंत्री मोदी ने तिरंगे की थीम वाली पुष्पमाला अर्पित की। इस कब्रिस्तान में बड़ी संख्या में भारतीय सैनिकों की अंत्येष्टि की गई थी। राष्ट्रमंडल युद्ध कब्र आयोग (सीडब्ल्यूजीसी) इस कब्रिस्तान का रखरखाव करता है।
फ्रांस की तीन दिवसीय यात्रा पर आए मोदी ने मंगलवार को राष्ट्रपति मैक्रों के साथ ‘एआई एक्शन’ शिखर सम्मेलन की सह-अध्यक्षता की और व्यापार जगत के दिग्गजों को संबोधित किया। मोदी 10 फरवरी को पेरिस पहुंचे थे। प्रथम विश्व युद्ध 1914-18 के दौरान, जबकि दूसरा विश्व युद्ध 1939-45 के दौरान हुआ था।
सीडब्ल्यूजीसी की वेबसाइट के अनुसार, ‘‘इस कब्रिस्तान में 1914-18 के युद्ध में जान गंवाने वाले 1,487 और 1939-45 के युद्ध में बलिदान देने वाले 267 जवानों की कब्र हैं। 205 भारतीय जवानों का भी यहां अंतिम संस्कार किया गया था, जिनकी याद में कब्रिस्तान के पीछे एक स्मारक बनाया गया है।’’
जुलाई 1925 में फील्ड मार्शल सर विलियम बर्डवुड ने माजारग्वेज भारतीय स्मारक का अनावरण किया था।
Published By : Deepak Gupta
पब्लिश्ड 12 February 2025 at 16:00 IST