PM मोदी की कनाडा के पीएम मार्क कार्नी के साथ फोन पर हुई बातचीत, दोनों देशों के संबंधों में पॉजिटिव रफ्तार बनाए रखने समेत इन मुद्दों पर हुई चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कनाडाई समकक्ष मार्क कार्नी के साथ फोन पर सकारात्मक बातचीत की, जिसमें व्यापार, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी और सुरक्षा जैसे प्रमुख क्षेत्रों में रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने और ठोस परिणाम हासिल करने पर सहमति बनी।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 4 min read
भारत और कनाडा के रिश्तों में एक बार फिर सकारात्मक गति देखने को मिल रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को अपने कनाडाई समकक्ष मार्क कार्नी के साथ टेलीफोन पर सार्थक बातचीत की। इस दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और प्रमुख क्षेत्रों में ठोस परिणाम हासिल करने की प्रतिबद्धता जताई। यह बातचीत कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद की भारत यात्रा से ठीक पहले हुई है। जिससे बातचीत का महत्व और अधिक बढ़ गया है।
रणनीतिक साझेदारी को मिलेगी नई दिशा
प्रधानमंत्री मोदी ने इस बातचीत के बाद एक्स (X) पर साझा किया कि दोनों देश अपनी रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने पर सहमत हुए हैं। उन्होंने लिखा, 'प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के साथ गर्मजोशी से भरी बातचीत हुई। हम भारत-कनाडा संबंधों में सकारात्मक गति को आगे बढ़ाने और व्यापार, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, सुरक्षा तथा जन-जन के बीच संबंधों जैसे प्रमुख क्षेत्रों में ठोस परिणामों की दिशा में काम करने पर सहमत हुए हैं।' पीएम मोदी ने यह भी कहा कि भारत और कनाडा मिलकर एक अधिक स्थिर और समृद्ध दुनिया के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
CEPA व्यापार समझौते पर तेजी से काम जारी
शीर्ष नेताओं की बातचीत के अलावा आर्थिक मोर्चे पर भी दोनों देशों के बीच बड़ी पहल देखने को मिली है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कनाडा के अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू के साथ 'भारत-कनाडा व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते' (CEPA) पर गहन चर्चा की। पीयूष गोयल ने एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि वार्ता का मुख्य ध्यान एक संतुलित और पारस्परिक रूप से लाभपद्र समझौते पर है।
पीयूष गोयल ने एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि वार्ता का मुख्य ध्यान एक संतुलित और पारस्परिक रूप से लाभप्रद समझौते पर है, जो दोनों देशों के लिए बाजार पहुंच बढ़ाएगा और निवेश के नए अवसर खोलेगा। उन्हें विश्वास है कि CEPA द्विपक्षीय व्यापार को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।
300 प्रतिनिधियों के साथ भारत पहुंचा कनाडाई प्रतिनिधिमंडल
कनाडा के अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू तीन दशकों में भारत आने वाले कनाडा के सबसे बड़े कॉर्पोरेट प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। इस दल में लगभग 300 प्रतिनिधि शामिल हैं, जो भारतीय बाजार में संयुक्त उद्यमों की संभावनाओं को तलाशेंगे। मनिंदर सिद्धू के अनुसार, यह प्रतिनिधिमंडल मुख्य रूप से एयरोस्पेस और स्वच्छ ऊर्जा , प्रौद्योगिकी और जीवन विज्ञान और कृषि खाद्य क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करेगा। कनाडा का लक्ष्य दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में से एक, भारत के साथ अपने व्यापारिक संबंधों को और अधिक मजबूत और व्यापक बनाना है।
Published By : Aarya Pandey
पब्लिश्ड 13 October 2026 at 22:50 IST