अमेरिका के फ्लोरिडा में विमान क्रैश: गिरते ही आग के गोले में बदला विमान, 9 लोगों की दर्दनाक मौत
अमेरिका के फ्लोरिडा में एक बिजनेस जेट क्रैश होने से इसमें सवार 9 लोगों की मौत हो गई। बीच सड़क गिरते ही विमान आग के गोले में तब्दील हो गया, जिसके बाद जोरदार धमाका हुआ। धमाके के बाद चारों तरफ बड़ा गुबार आसमान की तरफ उठा।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read
अमेरिका के फ्लोरिडा से बड़ी खबर आई है, जहां रविवार को साउथ फ्लोरिडा में एक प्राइवेट जेट के एक रिहायशी इलाके में क्रैश होने से उसमें सवार सभी नौ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। विमान के जोरदार धमाके बाद के बाद इससे एक बड़ा आग का गोला बन गया और धमाके के बाद चारों तरफ बड़ा गुबार आसमान की तरफ उठा।
धमाके के बाद इमरजेंसी क्रू को आस-पास की सड़कों को बंद करना पड़ा। रिपोर्ट के अनुसार हादसा पाम काउंटी के क्रेस्टहेवन के पास हुआ। गनीमत रही कि जेट घरों से कुछ दूरी पर एक व्यस्त सड़क पर गिरा। अगर घरों पर गिरता तो हादसे में और भी अधिक लोगों की जान जा सकती थी।
अमेरिकी परिवहन मंत्री ने दी जानकारी
फ्लोरिडा के पाम बीच काउंटी में आज हुआ विमान हादसा एक भयानक त्रासदी है। अमेरिकी परिवहन मंत्री शॉन डफी ने एक्स पर एक पोस्ट में यह जानकारी दी और पुष्टि की कि 'लियरजेट 60' विमान में सवार सभी नौ लोगों की मौत हो गई है। डफी ने बताया कि विमान टेक्सास के ऑस्टिन से उड़ा था और बहामास जा रहा था।
राष्ट्रपति ट्रम्प के आवास से लगभग नौ मील दूर विमान क्रैश
समाचार एजेंसी एएनआई ने फॉक्स न्यूज़ के अनुसार बताया कि यह विमान फ्लोरिडा के क्रेस्टहेवन के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह जगह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के 'मार-ए-लागो' आवास से लगभग नौ मील दूर है। वहीं, शॉन डफी ने एक्स पोस्ट पर बताया कि FAA (फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन), NTSB (नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड) की जांच में मदद के लिए एक टीम घटनास्थल पर भेज रहा है। उन्होंने आगे बताया कि FAA और अमेरिकी परिवहन विभाग इस दुर्घटना पर कड़ी नज़र रखे हुए हैं और जैसे-जैसे जानकारी मिलेगी, वे अपडेट साझा करेंगे।
बहामास जा रहा था विमान
FAA ने पुष्टि की कि विमान टेक्सास के ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ा था और बहामास के नॉर्थ एलेउथेरा एयरपोर्ट जा रहा था। वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दिख रहा है कि विमान तेज़ी से नीचे आ रहा था, तभी उसमें एक धमाका हुआ और हवा में आग की लपटें और घना धुआं फैल गया। FAA और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) इस दुर्घटना के कारणों की जांच करेंगे, जिसमें NTSB जांच का नेतृत्व करेगा।
Published By : Sahitya Maurya
पब्लिश्ड 2 November 2026 at 06:44 IST