चीखने लगे यात्री, सिर पर गिरा सामान...ईरान में टेकऑफ के दौरान फटा प्लेन का टायर, वायरल हुआ खौफनाक Video

ईरान की सिपेहरान एयरलाइंस के एक बोइंग 737 विमान को उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद मशहद हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। रिपोर्टों के अनुसार, टेकऑफ के दौरान विमान का एक मुख्य लैंडिंग गियर टायर फट गया और टूटकर अलग हो गया।

ईरान के मशहद शहर में एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। घटना से जुड़ा जो वीडियो सामने आया है, उसने हर किसी को सन्न कर दिया है। उड़ान भरने के तुरंत बाद आई गंभीर तकनीकी खराबी के कारण विमान को मशहद एयरपोर्ट पर ही इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। राहत की बात यह रही कि पायलट की सूझबूझ से सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और एक बड़ी त्रासदी टल गई।

टेकऑफ करते ही फटा टायर, केबिन में फैला खौफ

यह खौफनाक हादसा मंगलवार को उस समय हुआ जब 'सेपहरान एयरलाइंस' के बोइंग 737 विमान ने मशहद से करमानशाह के लिए उड़ान भरी। टेकऑफ के कुछ ही देर बाद विमान के लैंडिंग गियर का एक टायर तेज धमाके के साथ फटकर अलग हो गया। स्थिति बिगड़ते देख पायलटों ने तुरंत इमरजेंसी घोषित की और विमान को वापस मशहद की ओर मोड़ लिया।

यात्रियों पर गिरी केबिन की छत, सहम गए लोग

ईरानी न्यूज एजेंसी 'आखरीन खबर' द्वारा जारी वीडियो में लैंडिंग के वक्त का भयावह मंजर साफ देखा जा सकता है। जैसे ही विमान ने रनवे को छुआ, उसके झटके से केबिन की अंदरूनी छत (पैनल) का एक बड़ा हिस्सा टूटकर सीधे यात्रियों पर आ गिरा। छत के साथ-साथ ओवरहेड बिन्स में रखा यात्रियों का सामान भी नीचे गिरने लगा। विमान तेजी से डोल रहा था और उसके भीतर यात्रियों की चीख-पुकार गूंज रही थी। छत गिरने के कारण प्लेन का अंदरूनी ढांचा साफ नजर आने लगा था।

September 15, 2026

सभी यात्री सुरक्षित, जांच के आदेश जारी

ब्राजीलियाई न्यूज आउटलेट UOL और R7 की रिपोर्ट के मुताबिक, इस हादसे में किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई है। सेपहरान एयरलाइंस के प्रवक्ता हसन जाफरी ने पुष्टि की है कि लैंडिंग के तुरंत बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और उन्हें दूसरी फ्लाइट से करमानशाह रवाना कर दिया गया। फिलहाल तकनीकी खराबी और टायर फटने के सटीक कारणों की आधिकारिक जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें - अम्बेडकर यूनिवर्सिटी से स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी तक... दिल्ली में 10,000 छात्रों के लिए बनेंगे हॉस्टल, सीएम रेखा गुप्ता का बड़ा ऐलान

Published By : Aarya Pandey

पब्लिश्ड 16 September 2026 at 09:45 IST