अपडेटेड 2 March 2026 at 13:32 IST
Iran Israel War: खामेनेई की मौत के बाद पाकिस्तान में भयानक हिंसक प्रदर्शन, अब तक 35 की मौत; अमेरिकी दूतावास ने लिया ये बड़ा फैसला
पाकिस्तान के कई शहरों में हिंसक प्रदर्शन जारी है। हालात को देखते हुए अमेरिकी दूतावास ने 2 मार्च के लिए सभी वीजा अपॉइंटमेंट रद्द कर दिए हैं।
Pakistan: ईरान पर अमेरिकी-इजरायली हमलों और सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई की मौत के बाद पाकिस्तान में हिंसक विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने अमेरिकी दूतावासा में घुसकर तोड़फोड़ की थी। इस हिंसक प्रदर्शन में इस्लामाबाद से लेकर कराची तक, अलग-अलग शहरों में 35 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 100 से ज्यादा घायल बताए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि ये मौतें हिंसक प्रदर्शन के दौरान गोली लगने से हुई हैं।
बताया जा रहा है कि आज भी पाकिस्तान के कई शहरों में हिंसक प्रदर्शन जारी है। हालात को देखते हुए अमेरिकी दूतावास ने 2 मार्च के लिए सभी वीजा अपॉइंटमेंट रद्द कर दिए हैं। इसकी जानकारी इस्लामाबाद में स्थित अमेरिकी दूतावास ने दी। सुरक्षा के मद्देनजर सभी वीजा और अमेरिकन सिटिजन सर्विसेज से जुड़े अपॉइंटमेंट्स रद्द किए गए हैं।
अमेरिकी नागरिकों को दी गई सलाह
यह फैसला इस्लामाबाद स्थित अमेरिकी दूतावास के साथ-साथ कराची और लाहौर में मौजूद यूएस कांसुलेट पर भी लागू होगा। अमेरिकी दूतावास के मुताबिक, पाकिस्तान में जारी विरोध प्रदर्शन की खबरों पर नजरें बनी हुई हैं। पेशावर, कराची और लाहौर समेत अन्य जगहों पर यूएस कांसुलेट के बाहर प्रदर्शन हो रहे हैं।
सुरक्षा हालातों को देखते हुए पाकिस्तान में रहने वाले अमेरिकी नागरिकों को आसपास के माहौल को लेकर सतर्कता बरतने और भीड़भाड़ वाले इलाके से दूर रहने की सलाह दी गई है। इसके अलावा उन्हें अपने STEP पंजीकरण को भी अपडेट रखने को कहा गया है।
शिया समुदाय में भड़का आक्रोश
बता दें कि ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई की मौत के बाद पाकिस्तान में शिया समुदाय में आक्रोश भड़क उठा। उन्होंने सड़कों पर उतरकर बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किए। प्रदर्शनकारियों ने अमेरिका मुर्दाबाद और इजरायल मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।
सुरक्षाबलों को मजबूरन करनी पड़ी गोलीबारी
हालात बिगड़ते देख दूतावास में तैनात अमेरिकी सेना और सुरक्षाबलों ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की, जिस पर प्रदर्शनकारी और भड़क गए। इस दौरान उन्होंने तोड़फोड़ कर आगजनी की। प्रदर्शनकारियों के तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षाबलों को मजबूरन गोलीबारी करनी पड़ी। इस गोलीबारी में कई लोगों की जान चली गई।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 2 March 2026 at 13:29 IST