अपडेटेड 2 August 2025 at 07:25 IST

Pakistan: लाहौर में ट्रेन हादसा, इस्लामाबाद एक्सप्रेस के 10 डिब्बे पटरी से उतरे, 50 से ज्यादा यात्री घायल

पाकिस्तान के लाहौर में ट्रेन हादसा हुआ है। इस्लामाबाद एक्सप्रेस के 10 डिब्बे पटरी से उतरे गए। हादसे में 50 से ज्यादा यात्रियों के घायल होने की जानकारी मिल रही है।

लाहौर में ट्रेन हादसा | Image: AP

पाकिस्तान के लाहौर में एक ट्रेन हादसे में कई लोगों के घायल होने की जानकारी मिल रही है। शेखूपुरा और मुरीदके के बीच काला शाह काकू के पास शुक्रवार को इस्लामाबाद एक्सप्रेस के करीब 10 डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे में 50 से ज्यादा यात्रियों के घायल होने की आशंका है। ट्रेन लाहौर से इस्लामाबाद जा रही थी जब नाला डेक के पास यह हादसा हुआ।


रेलवे ने शुक्रवार देर रात बयान जारी कर बताया कि शेखूपुरा में ट्रेन के 10 डिब्बे बेपटरी हो गए, जिसमें लगभग 50 यात्री घायल  हो गए हैं। घायलों में कुछ की हालात गंभीर बताई जा रही है। शुरुआती रिपोर्ट में 6 डिब्बे के बेपटरी होने की जानकारी मिल रही थी। मगर बाद पाकिस्तानी मीडिया ने 10 डिब्बे के पटरी से उतरने की पुष्टि की। घटना के बाद अफरा-तफरी और दहशत का माहौल देखा गया।

घायलों में बच्चे और महिलाएं शामिल

घायलों में बच्चे और महिलाएं ज्यादा शामिल हैं। सभी को मुरीदके टीएचक्यू और शाहदरा टीचिंग अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। घायल यात्रियों में से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें शाहदरा से जनरल अस्पताल रेफर कर दिया गया है। रेस्क्यू 1122 के सूत्रों ने बताया कि फंसे हुए यात्रियों की तलाश के लिए सभी डिब्बों में तलाशी अभियान जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया रेस्क्यू में हुई देरी

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के तुरंत बाद बचाव दल घटनास्थल पर नहीं पहुच पाए थे। फंसे हुए यात्रियों, जिनमें से कई घायल थे, ने पलटे हुए डिब्बों से लोगों को निकालने की कोशिश में खुद ही बचाव कार्य शुरू कर दिया। बाद में रेस्क्यू 1122 और पुलिस की टीमें घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

अधिकारियों ने पुष्टि की कि हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, हालांकि अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।दुर्घटना स्थल शेखूपुरा के आसपास काला शाह काकू और मुरीदके के बीच स्थित है। रेलवे सूत्रों का कहना है कि उन्हें दुर्घटनास्थल पर रेलवे ट्रैक के टूटे हुए टुकड़े मिले हैं। उन्होंने यह भी बताया कि घटना के समय ट्रेन 105 किमी/घंटा की गति से चल रही थी। कथित तौर पर यह दुर्घटना ट्रेन की तेज गति और टो चेन के खुल जाने के कारण हुई होगी।

लाहौर आने-जाने वाली ट्रेनों का मार्ग अस्थायी रूप से बंद

रेलवे के एक प्रवक्ता के अनुसार, रावलपिंडी और लाहौर आने-जाने वाली ट्रेनों का मार्ग अस्थायी रूप से बदल दिया गया है। प्रभावित ट्रैक के साफ होने तक ट्रेनों का मार्ग वजीराबाद, सांगला हिल, हाफिज़ाबाद और शाहदरा होते हुए लाहौर भेजा जाएगा।
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने रेल दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है।

PM शहबाज शरीफ हादसे पर जताया दुख

प्रधानमंत्री ने बचाव दलों को बिना किसी देरी के राहत कार्य शुरू करने और सभी प्रभावित यात्रियों को शीघ्र निकालने और सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है। घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी प्रार्थना की है।

रेल मंत्री ने दिए जांच के आदेश

केंद्रीय रेल मंत्री हनीफ अब्बासी ने काला शाह काकू के पास इस्लामाबाद एक्सप्रेस के पटरी से उतरने की घटना का संज्ञान लिया है। उन्होंने रेलवे के सीईओ और मंडल अधीक्षक को तुरंत दुर्घटनास्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया है। अब्बासी ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं और सात दिनों के भीतर एक विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है।
 

यह भी पढ़ें: ट्रैरिफ वार पर चीन ने तरेरी आंखें, कहा- US खुद रूस चीन के साथ...

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 2 August 2025 at 07:25 IST