Pakistan: पेशावर में चौकी पर कब्जा करने की कोशिश, आतंकी हमले में 6 जवानों की मौत, 3 जवानों को बनाया बंधक

पेशावर के हसन खेल इलाके में आतंकवादियों ने फ्रंटियर कांस्टेबुलरी की पोस्ट पर कब्जा करने की कोशिश की। हमले में 6 जवानों की मौत हो गई जबकि 4 घायल हुए। सुरक्षा बलों की त्वरित कार्रवाई से 8 आतंकी मारे गए।

सांकेतिक फोटो | Image: Canva

अपने घर में आतंकी पालने वाला पाकिस्तान अब खुद ही आतंकी हमलों से परेशान है। पेशावर शहर के हसन खेल इलाके में सोमवार को एक बड़ी घटना हुई। आतंकवादियों ने फ्रंटियर कांस्टेबुलरी (FCN) की एक चौकी पर कब्जा करने की कोशिश की। इस हमले में जवाबी कार्रवाई करते हुए 6 जवानों की मौत हो गई और 4 जवान घायल हैं।

डॉन अखबार ने सूत्रों के हवाले से लिखा कि आतंकियों ने चौकी पर हमला किया और तीन जवान उनके कब्जे में आ गए। लेकिन सुरक्षा बलों ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की। इस कार्रवाई में 8 आतंकवादी मारे गए और चौकी पर कब्जा करने की पूरी कोशिश नाकाम हो गई।

सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है। आतंकियों के खिलाफ तलाशी और कार्रवाई जारी है। यह घटना उस वक्त हुई जब पाकिस्तान में खासकर खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आतंकवादी गतिविधियां फिर से बढ़ रही हैं। सुरक्षा बल लगातार ऐसे हमलों का मुकाबला कर रहे हैं।

सुरक्षा स्थिति में तेजी से गिरावट

पिछले महीने, पाकिस्तान इंस्टीट्यूट फॉर कॉन्फ्लिक्ट एंड सिक्योरिटी स्टडीज (PICSS) ने एक आकलन में कहा कि लगातार दो महीनों के सुधार के बाद, मई 2026 में पाकिस्तान की सुरक्षा स्थिति में तेजी से गिरावट आई है, जिसका मुख्य कारण खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में बढ़ती आतंकवादी घटनाएं हैं।

पिछले महीने 6 आत्मघाती हमले

पाकिस्तान में पिछले महीने 6 आत्मघाती हमले हुए, जिनमें चार आत्मघाती बम विस्फोट शामिल हैं। इन हमलों में अकेले 34 सुरक्षाकर्मी और 9 नागरिक शहीद हो गए। 9 मई को बन्नू में हुए एक आत्मघाती हमले में 15 पुलिसकर्मियों की जान चली गई, जिसके बाद पाकिस्तान ने अफगानिस्तान को एक कड़ा विरोध जारी किया।

इस महीने की शुरुआत में, सुरक्षा बलों ने खैबर पख्तूनख्वा के डेरा इस्माइल खान और मोहम्मंद जिलों में दो अलग-अलग खुफिया-आधारित अभियानों में चार आतंकवादियों को मार गिराया। मई के अंत में कोहाट और पेशावर जिलों की सीमा से लगे दर्रा आदमखेल क्षेत्र में दो दिवसीय अभियान में कुल 13 आतंकवादी मारे गए।

ये भी पढ़ें: ममता बनर्जी की बढ़ी मुश्किलें, आवास पर पहुंची CID की टीम, फर्जी हस्ताक्षर मामले में लेना चाहती है तलाशी

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 9 June 2026 at 17:18 IST