अपडेटेड 17 October 2025 at 11:37 IST

'हिंदुस्तान की शह पर तालिबान...', अफगानिस्तान से पिटने के बाद शहबाज शरीफ ने भारत पर फोड़ा ठीकरा, टू फ्रंट वॉर की क्यों कही बात?

Pakistan-Afghanistan Conflict: अफगानिस्तान के साथ हुए संघर्ष में तालिबान लड़ाकों ने पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया, जिससे वो बुरी तरह से बौखला गया है। हर बार की तरह पाकिस्तान ने इसका भी ठीकरा भारत पर फोड़ने की कोशिश की। रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने तो दो मोर्चों पर जंग के लिए तैयार होने की बात कही है।

Pakistan Prime Minister Shehbaz Sharif | Image: File photo

Pakistan-Afghanistan news: भारत के बाद अब अफगानिस्तान के हाथों भी पाकिस्तान की पिटाई हुई है। तालिबान लड़ाकों ने असीम मुनीर की सेना को घुटने टेकने के लिए मजबूर कर दिया। पाकिस्तान के गिड़गिड़ाने के बाद फिलहाल दोनों देशों के बीच 48 घंटों का सीजफायर लागू है। इस बीच अपनी नाकामी को छिपाने के लिए अब पाकिस्तान इसका ठीहरा भारत पर फोड़ने की कोशिश कर रहा है। पाक प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने तालिबान के इन हमलों के पीछे भारत का हाथ होने की बात कही है।

दोनों देशों के बीच इस टकराव की शुरुआत तब हुई, जब बिना उकसावे के पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर एयरस्ट्राइक कर दी। तहरीक-ए-तालिबान चीफ नूर वली महसूद को टारगेट करते हुए पाकिस्तान ने काबुल में TTP के ठिकानों पर हमला किया, जिसके बाद अफगानिस्तान ने जवाबी कार्रवाई की। पाक की ओर से एयरस्ट्राइक ऐसे समय में की गई थी, जब अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी भारत दौरे पर थे।

मुत्ताकी के भारत दौरे से जोड़े तार

अफगानिस्तान के साथ जारी संघर्ष पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का बयान आया है। उन्होंने दावा किया है कि तालिबान ने भारत के इशारे पर पाकिस्तान पर हमला किया। शरीफ ने कहा कि तालिबान के विदेश मंत्री के भारत में होते हुए पाकिस्तान पर हमला किया गया। ऐसे में हमें भी व्यापक प्रतिक्रिया देने पर मजबूर होना पड़ा।

ख्वाजा आसिफ ने दो मोर्चों पर जंग की कही बात

शरीफ से पहले पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ भी अफगानिस्तान के टकराव में भारत एंगल जोड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि अफगान तालिबान के हमलों के पीछे भारत का हाथ है। ख्वाजा आसिफ ने यह भी कहा कि उनका देश दो मोर्चों पर जंग के लिए तैयार है।

पाकिस्तानी रक्षा मंत्री का एक इंटरव्यू सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वो अफगानिस्तान संग ताजा हालातों पर चर्चा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि तालिबान के इस वक्त जो फैसले हैं, वो सारे दिल्ली से स्पॉन्सर्स हो रहे हैं। मुत्ताकी एक हफ्ते वहां थे, अब वापस आ गए हैं। क्या प्लान लेकर आए हैं। मेरा ख्याल है कि वो काबुल इस वक्त दिल्ली का प्रॉक्सी वॉर लड़ रहा है।

उन्होंने एक बयान में यह भी कहा कि भारत फिर से युद्ध छेड़ सकता है। हम इसके लिए तैयार है। पाकिस्तान अब अफगानिस्तान और भारत से एक साथ युद्ध की तैयारी कर रहा है।

अफगानिस्तान-पाकिस्तान टकराव पर क्या बोला भारत? 

पाकिस्तान के इन बेफिजूल और मनगढ़त आरोपों पर विदेश मंत्रालय की भी प्रतिक्रिया सामने आई। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इन आरोपों को बेतुका और निराधार बताते हुए खारिज कर दिया और कहा कि अपनी नाकामियों का दोष दूसरे पर मढ़ने का पाकिस्तान आदी है।

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कहा, "तीन बातें स्पष्ट हैं। पहली, पाकिस्तान आतंकवादी संगठनों को पनाह देता है और आतंकवादी गतिविधियों को प्रायोजित करता है। दूसरी, अपनी आंतरिक विफलताओं के लिए अपने पड़ोसियों को दोष देना पाकिस्तान की पुरानी प्रथा है। तीसरी, पाकिस्तान इस बात से नाराज है कि अफगानिस्तान अपने क्षेत्रों पर संप्रभुता का प्रयोग कर रहा है। भारत अफगानिस्तान की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और स्वतंत्रता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।"

यह भी पढ़ें: पाकिस्तानी फौजियों की पैंट को चौराहे पर टांगा... गाड़ियां, हथियार भी लूटे, पाकिस्तान की इज्जत उतार ले गए तालिबानी, VIDEO

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 17 October 2025 at 11:37 IST