अपडेटेड 21 November 2024 at 18:10 IST
BREAKING: खैबर पख्तूनख्वा में आतंकी हमले से दहला पाकिस्तान, वैन पर ताबड़तोड़ फायरिंग में 40 की मौत
पाकिस्तान के लोअर कुर्रम में आतंकियों ने यात्रियों से भरे एक वाहन पर हमला किया है। अंधाधुंध फायरिंग में अब तक 40 लोगों की हो चुकी है और 25 से अधिक घायल हैं।
Pakistan terrorist attack: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में आज फिर आतंकियों ने हमले को अंजाम दिया है। खैबर पख्तूनख्वा के लोअर कुर्रम में आतंकियों ने यात्रियों से भरे एक वाहन पर घात लगाकर हमला किया, जिसमें मरने वालों की संख्या बढ़कर 40 हो चुकी है और 20 से अधिक घायल हैं।
मृतकों में कई महिलाएं और एक पुलिस अधिकारी भी शामिल है। जानकारी के मुताबिक आंतकी ने जिस वाहन को निशाना बनाया है वो पाराचिनार से शिया मुसलमानों को पेशावर ले जा रहा था। आतंकियों ने वाहन को उचाट इलाके से निशाना बनाया। सोशल मीडिया पर हमले के बाद के कई वीडियो सामने आए है, जिसमें लाशों की कतारों को देखा जा सकता है।
अल्पसंख्यक शिया मुसलमानों को बनाया निशाना
खैबर-पख्तूनख्वा प्रांत पाकिस्तान का अशांत इलाका है। ये हमला कुर्रम जिले में हुआ, जहां हालिया महीनों में बहुसंख्यक सुन्नी और अल्पसंख्यक शिया मुसलमानों के बीच हुईं झड़पों में दर्जनों लोगों की मौत हुई है। अब तक किसी आतंकी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। स्थानीय पुलिस अधिकारी नुसरत हुसैन ने कहा कि कई वाहन यात्रियों को लेकर पाराचिनार शहर से खैबर पख्तूनख्वा की राजधानी पेशावर जा रहे थे, तभी बंदूकधारियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि अस्पताल में भी कई यात्रियों की हालत गंभीर है।
दो जनजातियों में होती है झड़प
जिला पुलिस कार्यालय (DPO) कुर्रम के प्रवक्ता ने बताया कि डिप्टी कमिश्नर और DPO ने घटना स्थल का जायजा लिया है। डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि पिछले महीने भी खैबर पख्तूनख्वा के ऊपरी कुर्रम जिले में दो जनजातियों के बीच झड़प में कम से कम 11 लोगों की जान चली गई थी। इन 11 मृतकों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं जबकि छह अन्य घायल हुए थे। इससे पहले, निचले कुर्रम जिले में जमीन विवाद को लेकर हुई गोलीबारी की घटना में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई थी।
बुधवार को हुआ आत्मघाती हमला
इससे पहले बुधवार को पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आतंकियों ने एक आत्मघाती हमले को अंजाम दिया था। एक आत्मघाती हमलावर ने सुरक्षा चौकी पर विस्फोटकों से भरे वाहन को विस्फोट कर दिया। इस हमले में करीब 17 सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई, जबकि कई घायल हो गए हैं। इस हमले की जिम्मेदारी तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) से अलग हुए हाफिज गुल बहादुर ग्रुप (HGB) ने ली है।
यह हमला खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बन्नू जिले में हुआ है। जिसमें सुरक्षाकर्मी समेत छह आतंकवादी भी मारे गए। हमले कि जिम्मेदारी लेते हुए हाफिज गुल बुहादुर ग्रुप ने पाकिस्तानी सैनिकों के सिर काटने का वीडियो भी जारी किया है। पाक सेना की मीडिया शाखा, इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) ने कहा कि आतंकवादियों ने मंगलवार देर रात बन्नू जिले के सामान्य क्षेत्र मालीखेल में एक संयुक्त चेक पोस्ट पर हमला करने का प्रयास किया, लेकिन पोस्ट में प्रवेश करने के उनके प्रयास को सैनिकों ने प्रभावी ढंग से विफल कर दिया।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 21 November 2024 at 17:47 IST