Pakistan Attack on Afghanistan: पाकिस्तान ने फिर अफगानिस्तान में जमीन और आसमान से मचाई तबाही, एयरस्ट्राइक में 29 की मौत;100 से ज्यादा घायल
पाकिस्तानी सेना ने खुफिया इनपुट के आधार पर सुनियोजित ऑपरेशन को अंजाम दिया है। सेना ने अफगानिस्तान के पकतिया, पकतिका और कुनार प्रांतों में एयरस्ट्राइक किया है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read
पाकिस्तान ने रविवार देर रात एक बार फिर अफगानिस्तान में भारी तबाही मचाई है। पाकिस्तान की सेना और वायु सेना ने अफगानिस्तान के अंदर तीन जगहों पर संयुक्त हमले किए। पाकिस्तान ने कहा है कि खुफिया जानकारी के आधार पर यह हमले आतंकवादियों के ठिकानों पर किए गए हैं। इस ऑपरेशन में 29 आतंकवादी मारे गए हैं। जबकि 100 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।
पाकिस्तानी सेना ने खुफिया इनपुट के आधार पर सुनियोजित ऑपरेशन को अंजाम दिया। पहले जमीनी बलों ने आतंकवादियों के ठिकानों पर हमला किया, जिसके बाद सीमा क्षेत्र में स्थित चरमपंथी अड्डों को निशाना बनाकर हवाई हमले किए गए। पाकिस्तानी सेना ने अफगानिस्तान के अंदर 3 पूर्वी प्रांतों में ये हमले किए। पाकिस्तान के मंत्री ने हमलों की पुष्टि की है।
अफगानिस्तान ने इन प्रांतों को बनाया निशाना
मिली जानकारी के अनुसार इस ऑपरेशन में अफगानिस्तान के पकतिया, पकतिका और कुनार प्रांतों को निशाना बनाया गया। ये हमला कराची में पाकिस्तान रेंजर्स के मुख्यालय पर हुए हमले के ठीक एक दिन बाद हुआ। पाकिस्तानी सरकार ने इन दोनों घटनाओं के बीच कोई सीधा ऑपरेशनल संबंध आधिकारिक तौर पर स्थापित नहीं किया है, लेकिन सीमा-पार की इस कार्रवाई के समय ने तुरंत ध्यान खींचा है।
पाक के मंत्री ने ऑपरेशन की पुष्टि की
पाकिस्तान के सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार ने कहा, "पाकिस्तान के सुरक्षाबलों ने पाक-अफगान सीमा पर खुफिया जानकारी के आधार पर सुनियोजित हमले किए हैं। यह कार्रवाई हाल के दिनों में खैबर पख्तूनख्वा, बलूचिस्तान और कराची स्थित पाकिस्तान रेंजर्स (सिंध) कैंप पर हुए आतंकवादी हमलों के जवाब में की गई है।हवाई ऑपरेशन का मकसद उन चरमपंथी ठिकानों को निशाना बनाना था जिनके बारे में माना जाता है कि वे पाकिस्तान के खिलाफ हमलों में शामिल थे।"
पाकिस्तान रेंजर्स के मुख्यालय पर हमले की चर्चा
इससे पहले, शनिवार को कराची में पाकिस्तान रेंजर्स के मुख्यालय पर हुए हमले में 6 लोगों की जान चली गई, जिनमें 3 अर्धसैनिक जवान भी शामिल थे। हमले की जिम्मेदारी किसी समूह ने तुरंत नहीं ली थी, लेकिन पाकिस्तानी एजेंसियां ने तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) की संलिप्तता की संभावना से इनकार नहीं किया है, क्योंकि इस समूह का अर्धसैनिक और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने का इतिहास रहा है।
पाकिस्तानी दावों के अनुसार, इस कार्रवाई में 29 आतंकवादी मारे गए हैं। बता दें कि पक्तिका, पक्तिया और कुनार के इलाके पाकिस्तान के साथ अफगानिस्तान की पूर्वी सीमा पर स्थित हैं और इस्लामाबाद लंबे समय से कहता रहा है कि इन इलाकों में पाकिस्तान-विरोधी आतंकवादी समूहों की मौजूदगी है। अब देखना होगा कि अफगानिस्तान इस ऑपरेशन के खिलाफ क्या कदम उठाता है, क्योंकि बीत कुछ दिनों सीमा पर दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर पहुंच गई है।
यह भी पढ़ें: फ्रांस में क्रैश हुआ विमान, 11 लोगों की मौत की सूचना
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 29 June 2026 at 07:12 IST