वर्ल्ड कप से पहले कंगाली में पाकिस्तानी टीम, सिर्फ 335 रुपये में खिलाड़ी कर रहे गुजारा; अब तक नहीं मिला क्वालिफाइंग इवेंट का पैसा

नीदरलैंड्स और बेल्जियम में होने वाले FIH हॉकी वर्ल्ड कप से पहले पाकिस्तान हॉकी टीम गहरे आर्थिक संकट में फंस गई है। पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन ने खिलाड़ियों के ट्रेनिंग कैंप का दैनिक भत्ता घटाकर सिर्फ 335 भारतीय रुपये कर दिया है, जिससे खिलाड़ी बेहद नाराज हैं।

Pakistan Hockey Team Financial Crisis | Image: FIH

Pakistani Players complain: विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट से पहले पाकिस्तान हॉकी टीम के खिलाड़ियों को बेहद खराब दौर से गुजरना पड़ रहा है। एक तरफ जहां खिलाड़ी मैदान पर पसीना बहाकर देश का नाम रोशन करने की तैयारी कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ उन्हें बुनियादी जरूरतों और पैसों के लिए तरसना पड़ रहा है। 

पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन की खस्ता हालत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि खिलाड़ियों को पिछले टूर्नामेंट्स का बकाया पैसा तो दूर, अब उनके रोज के खाने-पीने और ट्रेनिंग का भत्ता भी भारी कटौती के साथ मिल रहा है।

ट्रेनिंग कैंप का भत्ता घटाकर किया नाममात्र

पाकिस्तानी हॉकी खिलाड़ियों की नाराजगी की सबसे बड़ी वजह उनके दैनिक भत्ते में की गई भारी कटौती है। पहले खिलाड़ियों को ट्रेनिंग कैंप के दौरान रोजाना 11 अमेरिकी डॉलर यानी करीब 3000 पाकिस्तानी रुपये मिलते थे। अब फेडरेशन ने इसे घटाकर सिर्फ 3.5 डॉलर यानी करीब 1000 पाकिस्तानी रुपये कर दिया है, जो भारतीय मुद्रा में मात्र 335 रुपये के बराबर है। 

मामले में खिलाड़ियों का साफ कहना है कि आज के दौर में इतनी कम रकम में अंतरराष्ट्रीय स्तर की डाइट और ट्रेनिंग का खर्च उठाना नामुमकिन है। एक खिलाड़ी ने दुख जताते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को इतना कम भत्ता देना उनका सीधा अपमान है, जिससे पूरी टीम का मनोबल टूट रहा है।

विदेशी दौरों पर बड़े-बड़े वादे 

मामला बढ़ता देख पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन के अंतरिम बोर्ड ने डैमेज कंट्रोल करने की कोशिश की है। फेडरेशन ने घोषणा की है कि आगामी विदेशी दौरों पर खिलाड़ियों और अधिकारियों को हर दिन 110 अमेरिकी डॉलर का भत्ता दिया जाएगा, जिसमें मिस्र में खेला गया वर्ल्ड कप क्वालिफाइंग इवेंट भी शामिल रहेगा। हालांकि, बोर्ड के इन दावों पर खिलाड़ियों को बिल्कुल भरोसा नहीं है। 

नाम न छापने की शर्त पर एक सीनियर खिलाड़ी ने बताया कि फेडरेशन के अधिकारी पहले भी कई बार इस तरह के खोखले वादे कर चुके हैं, लेकिन जब पैसे देने की बारी आती है तो सब मुकर जाते हैं। टीम का कहना है कि जब तक यह राशि सचमुच उनके हाथों में या बैंक खातों में नहीं आ जाती, तब तक वे इन बातों को सच नहीं मानेंगे।

बिना कप्तान के घोषित कर दी 20 सदस्यीय टीम 

खिलाड़ियों की नाराजगी सिर्फ पैसों तक सीमित नहीं है, बल्कि फेडरेशन के अजीबोगरीब फैसलों ने भी उनकी चिंता बढ़ा दी है। अगले महीने होने वाले FIH प्रो लीग मैचों के लिए पाकिस्तान ने अपनी 20 सदस्यीय टीम की घोषणा तो कर दी, लेकिन टीम की कमान किसे सौंपी जाएगी, इसका कोई जिक्र नहीं किया। 

पिछले साल की शुरुआत से शकील अहमद बट लगातार टीम की कप्तानी संभाल रहे थे, लेकिन इस बार कप्तान के नाम पर बोर्ड की चुप्पी ने खिलाड़ियों के बीच असमंजस और असंतोष पैदा कर दिया है। 

एफआईएच प्रो लीग के लिए चुनी गई पाकिस्तानी टीम

  • गोलकीपर: वकार अली, अली रज़ा।
  • डिफेंडर्स: अबू बकर, अरबाज अहमद, मोहम्मद अब्दुल्ला, सुफियान खान।
  • मिडफील्डर्स: नदीम खान, अम्माद शकील, मोइन शकील, हम्माद अंजुम, जकारिया हयात।
  • फॉरवर्ड्स: गजनफर अली, मोहम्मद एम्माद, राणा वलीद, अफराज खान, राणा वाहिद, अब्दुर रहमान, अहमद नदीम, अरशद लियाकत, हनान शाहिद।

ये भी पढ़ें:  राहुल गांधी के बाद अब अजय राय ने PM मोदी पर की अमर्यादित टिप्पणी, CM योगी बोले- कांग्रेस मानसिक दिवालियापन का शिकार, वो अब माफी मांगने...
 

Published By : Shashank Kumar

पब्लिश्ड 22 May 2026 at 18:37 IST