अपडेटेड 27 February 2026 at 18:28 IST

पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के खिलाफ किया ‘open war’ का ऐलान, रक्षा मंत्री बोले- अब हमारा सब्र खत्म हो चुका है

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है। पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के काबुल, कंधार और पक्तिया में हवाई हमले किए, जबकि अफगान तालिबान ने बॉर्डर पर पाकिस्तानी पोस्ट पर हमला किया। पाक रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने इसे खुला युद्ध घोषित किया है।

पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के खिलाफ किया ‘open war’ का ऐलान | Image: AP

Afghanistan-Pakistan Conflict : पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा पर हिंसक झड़पें और हवाई हमलों का दौर जारी है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा मोहम्मद आसिफ ने इसे 'ओपन वॉर' करार दिया है। उन्होंने कहा, "हमारा सब्र अब जवाब दे चुका है। अब हमारे बीच खुली जंग है।"

अफगानिस्तान ने अपनी हवाई शक्ति का प्रदर्शन करते हुए इस्लामाबाद में ड्रोन अटैक किया है। अफगान सेना प्रधानमंत्री ऑफिस से 5 किलोमीटर दूर तक अटैक करने में सफल रही। अफगानिस्तान ने 27 फरवरी की सुबह करीब 11 बजे कई जगहों को निशाना बनाया है। इस हमले से पाकिस्तान के पावर कॉरिडोर में हलचल मच गई है और अफगानिस्तान ने एक बार फिर से अपनी ताकत का एहसास अपने पड़ोसी को करा दिया है।

इससे पहले पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के बॉर्डर इलाकों में हवाई हमले किए थे, जिसमें उन्होंने दावा किया कि उन्होंने वहां छिपे आतंकवादियों के ठिकानों को निशाना बनाया और कम से कम 70 लोग मारे गए। इसके जवाब में अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने गुरुवार रात को पाकिस्तान के बॉर्डर पर बड़े हमले किए। अफगानिस्तान का दावा है कि उन्होंने पाकिस्तानी सेना के कई पोस्ट पर हमला किया, जिसमे करीब 55 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए, कुछ को जिंदा पकड़ा गया और कई ठिकाने नष्ट किए।

रक्षा मंत्री ने किया 'ओपन वॉर' का ऐलान

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा मोहम्मद आसिफ ने शुक्रवार को कहा कि पाकिस्तान खुद को पड़ोसी अफगानिस्तान के साथ 'ओपन वॉर' में मानता है, जो अक्टूबर में कतर की मध्यस्थता से हुए युद्धविराम के बाद हिंसा का सबसे भीषण विस्फोट है। रक्षा मंत्री की ये टिप्पणियां पाकिस्तान पर सीमा पार से जवाबी हमला करने के बाद आईं, जिसके जवाब में इस्लामाबाद ने काबुल पर हवाई हमले किए। उन्होंने कहा-

“अब हमारा सब्र खत्म हो चुका है। अब हमारे बीच खुला युद्ध छिड़ गया है।”

क्या है पूरा घटनाक्रम?

गुरुवार रात अफगानिस्तान ने पाकिस्तान की सीमा पर स्थित सैन्य ठिकानों पर हमला किया, जिसे उन्होंने पाकिस्तानी हवाई हमलों के जवाब में बताया। इसके जवाब में शुक्रवार तड़के पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के अंदरूनी इलाकों पर हवाई हमले किए। इन हमलों में काबुल (राजधानी), कंधार और पक्तिया प्रांत को निशाना बनाया गया। काबुल में विस्फोटों की आवाजें सुनाई दीं और विमानों की आवाजें गूंजीं। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर भारी नुकसान पहुंचाने का दावा किया है।

यह तनाव कई महीनों से चल रहा है। अक्टूबर 2025 में कतर की मध्यस्थता से सीजफायर हुआ था, लेकिन इसके बाद भी छोटे-मोटे हमले जारी रहे। पूरा विवाद डूरंड रेखा (Durand Line) को लेकर है। जिसे अफगानिस्तान आधिकारिक रूप से मान्यता नहीं देता। पाकिस्तान का आरोप है कि अफगानिस्तान से TTP और बलूच अलगाववादी समूह हमले कर रहे हैं। वहीं अफगानिस्तान पाकिस्तानी हवाई हमलों को उकसावे के रूप में देखता है। 

ये भी पढ़ें: JNU Protest: जेएनयू में नहीं थम रहा बवाल, मार्च पर अड़े छात्र और पुलिस के बीच झड़प के बाद बिगड़े हालत; ACP समेत कई पुलिसकर्मी घायल

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 27 February 2026 at 18:28 IST