अपडेटेड 27 August 2025 at 22:08 IST
पाकिस्तान की बढ़ी टेंशन, भारत ने किया था अलर्ट; अब नदियों का पानी छोड़ने से आई बाढ़ तो बिगड़े हालात, बड़े पैमाने पर रेस्क्यू
Pakistan Flood News : 26 जून से अब तक पाकिस्तान में मौसमी बारिश के कारण आई बाढ़ से 800 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। PoK में कम से कम 65 लोग मारे गए हैं।
Pakistan Flood : भारत के उफनते बांधों और उफनती नदियों से निचले सीमावर्ती क्षेत्रों में पानी छोड़े जाने के बाद पूर्वी पाकिस्तान में बाढ़ जैसे हालत पैदा हो गए हैं। हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। भारत ने पहले ही पाकिस्तानी अधिकारियों को इससे संबंधित चेतावनी जारी की थी, जिससे समय रहते लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके।
यह कदम नई दिल्ली द्वारा इस्लामाबाद को संभावित सीमा पार बाढ़ के बारे में सचेत करने के एक दिन बाद उठाया गया है। ये आपरेशन सिंदूर के बाद दोनों देशों के बीच पहली ऑफिशियल बातचीत थी। पाकिस्तान के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कहा कि उसने अपने पंजाबी समकक्षों को सतलुज नदी में बढ़ते जलस्तर और बाढ़ के खतरे के बारे में पहले ही चेतावनी जारी कर दी है, और पूर्वी पंजाब प्रांत के अलग-अलग जिलों से लोगों को निकालने का काम जारी है।
हजारों लोगों का रेस्क्यू
न्यूज एजेंसी AP के मुताबिक बचावकर्मियों ने पंजाब प्रांत के कसूर जिले से 14,000 से अधिक लोगों को निकाला, जबकि बहावलनगर शहर से 89,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। NDMA ने कहा कि अधिकारियों ने स्थानियों लोगों से नदियों, नालों और निचले इलाकों से दूर रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और मीडिया, मोबाइल फोन और एनडीएमए के आपदा अलर्ट ऐप के माध्यम से जारी अलर्ट का पालन करने की अपील की है।
800 से अधिक लोगों की मौत
26 जून से अब तक पाकिस्तान में मौसमी बारिश के कारण आई बाढ़ से 800 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। PoK में कम से कम 65 लोग मारे गए हैं। इस क्षेत्र की कई नदियां और सहायक नदियां पाकिस्तान और PoK के हिस्से में बहती हैं। मंगलवार को भारतीय अधिकारियों ने बताया था कि ज्यादातर नदियां और नाले उफान पर हैं और कई जगहों पर घरों में कीचड़ भरा पानी घुस गया है। सड़कों और पुलों को नुकसान पहुंचा है। इस क्षेत्र में कई नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 27 August 2025 at 22:08 IST