अपडेटेड 27 December 2024 at 19:21 IST

पाकिस्तान-अफगानिस्तान जंग होगी शुरू? एयर स्ट्राइक का बदला लेने के लिए 15000 अफगानी लड़ाकों ने किया कूच

पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक के बाद तालिबान की तरफ से पाकिस्तान को कड़ा संदेश दिया गया है। तेजी के साथ 15 हजार तालिबानी लड़ाके पाकिस्तान की तरफ कूच कर रहे हैं।

पाकिस्तान-अफगानिस्तान जंग होगी शुरू? | Image: AP (File Photo)

Pakistan Vs Taliban: पिछले कुछ समय से पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच चल रही अनबन ने दोनों देशों को जंग के मुहाने ला खड़ा किया है। मंगलवार को अफगानिस्तान की धरती को पाकिस्तान ने हवाई हमले कर धुआं-धुआं कर दिया। पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक के बाद अफगानिस्तान ने बदला लेने की ठान ली है। तेजी के साथ 15 हजार तालिबानी लड़ाके पाकिस्तान की तरफ कूच कर रहे हैं। उधर खबर है कि पाकिस्तान की सेना और वायुसेना ने पेशावर और क्वेटा से अफगान सीमा पर सैनिक भेजे हैं।

एयरस्ट्राइक के बाद तालिबान की तरफ से पाकिस्तान को कड़ा संदेश दिया गया है। दोनों देशों की सीमा पर तनाव बहुत ज्यादा बढ़ गया है। हालांकि अभी तक गोलीबारी का कोई संकेत नहीं मिला है। ये पूरा घटनाक्रम पाकिस्तान की ओर से अफगानिस्तान पर की गई एयरस्ट्राइक के बाद बढ़ता ही जा रहा है। पाकिस्तान ने गुरुवार को कहा था कि अफगानिस्तान में आतंकवादियों के ठिकानों को निशाना बनाकर हमले किए। जबकि अफगानिस्तान के नेतृत्व ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे क्रूर कृत्य बताया और कहा कि इस तरह की मनमानी कार्रवाई किसी भी समस्या का समाधान नहीं है।

एयरस्ट्राइक में 46 लोगों की मौत

अफगान अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार रात को पकतिका प्रांत के बरमाल जिले के कुछ हिस्सों पर पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों द्वारा किए गए हवाई हमलों में महिलाओं और बच्चों सहित कम से कम 46 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। इन हमलों में कई मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए। पाकिस्तान के विदेश कार्यालय का कहना है कि 'खुफिया जानकारी पर आधारित यह अभियान पाकिस्तानी सुरक्षा बलों द्वारा अफगानिस्तान के सीमावर्ती क्षेत्रों में चलाया गया। पाकिस्तानी नागरिकों की सुरक्षा को खतरे के मद्देनजर यह अभियान चलाया गया था।'

हमले का जवाब देने की चेतावनी

पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के पूर्वी पकतिका प्रांत में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के आतंकवादियों के चार ठिकानों को निशाना बनाया था। जिसमें कई आतंकवादी मारे गए। अफगान तालिबान सरकार ने हवाई हमलों को लेकर इस्लामाबाद के सामने कड़ा विरोध दर्ज कराया और हमले का जवाब देने की चेतावनी दी। तालिबान सरकार के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता इनायतुल्ला ख्वारजमी ने कहा कि अफगानिस्तान इस क्रूर कृत्य को सभी अंतरराष्ट्रीय सिद्धांतों का उल्लंघन और पूर्णतः आक्रमण मानता है। अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करजई ने भी पाकिस्तान के हवाई हमलों की निंदा की। करजई ने इसे अफगानिस्तान की संप्रभुता का उल्लंघन बताया।

क्या पाकिस्तान ने कर दी गलती?

पाकिस्तान ने जिस TTP के ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया है। वो एक अलग आतंकवादी संगठन है, लेकिन उसे अफगान तालिबान का करीबी सहयोगी माना जाता है। TTP ने कुछ दिन पहले ही पाकिस्तान के उत्तर पश्चिमी सीमांत प्रांत वजीरिस्तान के मकीन इलाके में पाकिस्तानी सेना के 30 जवानों को मार गिराया था। इसके जवाब में पाकिस्तान ने एयरस्ट्राइक की है।

पाकिस्तान ने इन हमलों से तालिबान और TTP दोनों को ललकारा है। तालिबान फिलहाल भले ही शांत रहे, लेकिन TTP हमलों में बढ़ोत्तरी कर सकता है। पिछले दो दशक में पाकिस्तान के अंदर आतंकवादी हमलों की संख्या तेजी से बढ़ी है। इसके अलावा पाकिस्तान को सीमा पर तालिबान की तरफ से भी दबाव झेलना पड़ सकता है। लेकिन पाकिस्तान की आर्थिक स्थिति फिलहाल एक छोटा युद्ध झेलने की भी नहीं है। किसी भी सैन्य कार्रवाई से कर्ज में डूबा पाकिस्तान सड़क पर आ सकता है।

ये भी पढ़ें: Manmohan Singh: PM बन गए लेकिन मनमोहन सिंह को कचोटता था मारुति 800 का मोह, BMW पर बैठना पड़ता तो जी भरके निहारते...

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 27 December 2024 at 19:21 IST