अपना घर जल रहा, पड़ोसी का धुआं उड़ाने चले... ईरान युद्ध के बीच पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर किया हमला, अफगान सेना ने भी लिया 'घातक' बदला
अफगानिस्तान के कुनार में पाकिस्तान ने हवाई हमले किए हैं, जिसमें 3 नागरिकों की दर्दनाक मौत हो गई। इसके बाद जवाब में स्पिनबोल्डक में 6 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए। जानें पूरी खबर।
Pakistan Afghanistan border News: अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा पर तनाव एक बार बढ़ता नजर आ रहा है। जानकारी मिली है कि पाकिस्तानी सेना ने अफगानिस्तान के कुनार प्रांत के असदाबाद इलाके में हवाई हमले किए, जिसमें 3 आम नागरिकों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हमले में कुनार यूनिवर्सिटी कैंपस को भी निशाना बनाया गया, इस दौराना 4 छात्रों के भी घायल होने की खबर है।
अफगानिस्तान की जवाबी कार्रवाई
अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय (MoD) के मुताबिक, डूरंड लाइन के पास स्पिनबोल्डक इलाके में जवाबी कार्रवाई की गई। इस झड़प में 6 पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने की सूचना है। सीमावर्ती इलाकों में लगातार हो रही इस गोलीबारी ने क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं।
खुन्नस में अफगानिस्तान से भिड़ बैठा पाकिस्तान
भारत के साथ मई 2025 में हुए टकराव और 'ऑपरेशन सिंदूर' में मिली हार के बाद से पाकिस्तान की बौखलाहट सामने आ रही है। हाल ही में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) की मैगजीन 'मुजल्ला तालिबान' के 11वें अंक में दावा किया गया है कि पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने अपनी गिरती साख बचाने के लिए अफगानिस्तान को निशाना बनाया है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत से मुकाबले में विफल रहने के बाद मुनीर ने अफगानिस्तान को एक 'आसान लक्ष्य' समझा ताकि वह देश में खुद को सैन्य रूप से सक्षम साबित कर सकें।
पाकिस्तान का अफगानिस्तान के खिलाफ 'खुली जंग' का ऐलान
फरवरी 2026 में पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के खिलाफ 'खुली जंग' का ऐलान करते हुए 'ऑपरेशन गजब-लिल-हक' शुरू किया था। टीटीपी का आरोप है कि ये हमले उग्रवाद खत्म करने के लिए नहीं, बल्कि अमेरिका को खुश करने और भारत के बढ़ते वैश्विक प्रभाव से ध्यान भटकाने के लिए किए गए थे।
बतादें बीते साल जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के जरिए सीमा पार जाकर आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया था। भारत की इस सख्त सैन्य कार्रवाई के बाद से ही पाकिस्तानी नेतृत्व दबाव में है। रेखा पर जारी यह तनाव दोनों देशों के बीच युद्ध जैसे हालात पैदा कर रहा है, पाकिस्तान अपनी विफलताओं का ठीकरा पड़ोसी देशों पर फोड़कर अपनी आंतरिक राजनीति को साधने की कोशिश कर रहा है।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 27 April 2026 at 18:22 IST