अपडेटेड 6 January 2026 at 17:24 IST
Venezuela: निकोलस मादुरो ही नहीं, वेनेजुएला की नई राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज भी हैं भारत के इस संत की भक्त, चरणों में झुकाती हैं सिर
डेल्सी रोड्रिगेज ने उपराष्ट्रपति रहते 2023 के अगस्त और 2024 के अक्टूबर में पुट्टपर्ती जाकर समाधि मंदिर में पूजा-अर्चना की।
वेनेजुएला में राजनीतिक संकट ने नया मोड़ ले लिया है। अमेरिकी सेना द्वारा राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के बाद उनके करीबी सहयोगी डेल्सी रोड्रिगेज ने अंतरिम राष्ट्रपति के रूप में शपथ ले ली। रोड्रिगेज, जो पहले मादुरो सरकार में उपराष्ट्रपति थीं, को उनके भाई और नेशनल असेंबली के प्रमुख जॉर्ज रोड्रिगेज ने दुखी मन से शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण के दौरान रोड्रिगेज ने भावुक अंदाज में कहा, "मैं हमारी मातृभूमि पर हुए नाजायज सैन्य हमले से उपजी पीड़ा और मादुरो के अपहरण के दर्द के साथ यहां उपस्थित हूं।" यह शपथ राजधानी काराकास में सत्तारूढ़ पार्टी के सांसदों की मौजूदगी में ली गई, जिसमें मादुरो का बेटा निकोलस मादुरो ग्वेरा भी शामिल था।
इस संकट के बीच एक रोचक तथ्य सामने आया है कि गिरफ्तार राष्ट्रपति मादुरो और नई अंतरिम राष्ट्रपति रोड्रिगेज दोनों ही भारतीय आध्यात्मिक गुरु श्री सत्य साईं बाबा के प्रखर अनुयायी हैं। मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस ने 2005 में आंध्र प्रदेश के पुट्टपर्ती स्थित प्रशांतिनिलयम आश्रम का दौरा किया था। उनके कार्यालय में साईं बाबा की तस्वीर साइमन बोलिवर व ह्यूगो शावेज जैसे नेताओं के चित्रों के साथ हमेशा सजी रहती थी।
डेल्सी रोड्रिगेज भी हैं गुरु श्री सत्य साईं बाबा की भक्त
वहीं, डेल्सी रोड्रिगेज ने उपराष्ट्रपति रहते 2023 के अगस्त और 2024 के अक्टूबर में पुट्टपर्ती जाकर समाधि मंदिर में पूजा-अर्चना की। अक्टूबर 2024 की यात्रा भारत के आधिकारिक दौरे का हिस्सा थी, जहां उन्होंने दिल्ली में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से भेंट की। श्री सत्य साईं सेंट्रल ट्रस्ट के मुताबिक, वेनेजुएला में साईं बाबा के लाखों अनुयायी हैं और इन नेताओं के संरक्षण से संगठन को मजबूत समर्थन मिला है।
सत्य साईं बाबा की 100वीं जयंती पर निकोलस मादुरो ने किया था फेसबुक पोस्ट
23 नवंबर 2025 को सत्य साईं बाबा की 100वीं जयंती पर निकोलस मादुरो ने फेसबुक पर एक पोस्ट लिखा था। उन्होंने लिखा था- "आज 23 नवंबर 2025 को हम श्री सत्य साईं बाबा की जयंती मना रहे हैं, जो एक रोशनी देने वाले इंसान थे, जिन्होंने भारत और दुनिया भर में लाखों लोगों की आस्था पर गहरा असर डाला। मुझे हमेशा याद है जब हम मिले थे और उन्होंने हमें अपना आशीर्वाद दिया था। उनकी जन्म शताब्दी पर हमारी श्रद्धांजलि, उनके भक्त, उनके परिवार और साईं बाबा फाउंडेशन को मेरी शुभकामनाएं।
उनका होना हर इंसान में मौजूद दिव्यता का जीता-जागता सबूत है, बिना शर्त प्यार, निस्वार्थ सेवा और सच्चाई की एक रोशनी। मुझे भारत और उसके लोगों से और साईं बाबा की याद से बहुत प्यार है। उनकी याद मुझमें उनके हमेशा रहने वाले संदेश की ताकत को फिर से जगाती है: शांति दया और प्यार की हमेशा रहने वाली मौजूदगी है। उन्होंने हमें सिखाया कि आध्यात्मिक अभ्यास रोजाना के कामों में और मतभेदों से परे एकता की तलाश में पाया जाता है। इन महान गुरु का ज्ञान हमें प्यार, शांति और उच्च आध्यात्मिकता वाला देश बनाने के मिशन में रोशनी देता रहे।"
मादुरो बेटे ने बोला अमेरिका पर हमला
मादुरो के बेटे निकोलस मादुरो ग्वेरा ने शनिवार के बाद पहली सार्वजनिक उपस्थिति में अमेरिका को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा, "राष्ट्राध्यक्ष के अपहरण को सामान्य बनाने से कोई देश सुरक्षित नहीं बचेगा। आज वेनेजुएला है, कल कोई और ऐसा देश जो झुकने से इंकार करे। यह वैश्विक स्थिरता के लिए खतरा है।" सत्तारूढ़ पार्टी ने नेशनल असेंबली सत्र बुलाकर 2031 तक के कार्यकाल की शपथ पूरी की, ताकि देश को स्वतंत्र दिखाया जा सके। वेनेजुएला के संविधान के तहत राष्ट्रपति की अनुपस्थिति में 30 दिनों के अंदर चुनाव अनिवार्य हैं। लेकिन अमेरिकी हस्तक्षेप और आंतरिक अस्थिरता के बीच काराकास में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय इस घटनाक्रम पर कड़ी नजर रखे हुए है।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 6 January 2026 at 17:24 IST