'अमेरिका में हिंदू-विरोधी नफरत...', मंदिरों में गोलीबारी की साजिश पर भड़का MEA; भारतीयों के खिलाफ बढ़ती नस्ली भेदभाव पर जताई गंभीर चिंता

भारत ने गुरुवार को इलिनोइस में एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाकर की गई कथित सामूहिक गोलीबारी की साजिश पर चिंता जताई है और अमेरिकी अधिकारियों से भारतीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।

भारत ने अमेरिका के इलिनोइस में एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाकर की गई कथित सामूहिक गोलीबारी की साजिश पर चिंता जताई | Image: ANI

विदेश मंत्रालय (MEA) ने गुरुवार, 15 अक्टूबर को इलिनोइस के ऑरोरा में एक हिंदू मंदिर में सामूहिक गोलीबारी की कथित साजिश पर चिंता जताई है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह घटना अमेरिका में "नस्लभेदी दुश्मनी और भारत विरोधी नफरत" को लेकर बढ़ती चिंताओं को और बढ़ाती है। साथ ही, वहां भारतीय समुदाय की सुरक्षा पक्का करने के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की।

मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि इस साजिश का हिंदू-विरोधी और नस्लीय स्वरूप, जिसमें भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ हिंसा की बात भी शामिल है बेहद चिंताजनक है।

हिंदू मंदिर को निशाना बनाना बेहद निंदनीय-MEA

रणधीर जायसवाल ने "इलिनोइस के ऑरोरा इलाके में एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर गोलीबारी की कथित साजिश की खबरों से हम बहुत चिंतित हैं। कथित साजिश का हिंदू विरोधी और नस्लवादी स्वभाव, जिसमें भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ हिंसा का ज़िक्र है, खास तौर पर परेशान करने वाला है।"

भारतीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित हो

जायसवाल ने भारतीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित हो पर जोर देते हुए कहा "यह घटना अमेरिका में नस्लीय शत्रुता और भारत-विरोधी नफरत को लेकर बढ़ती चिंताओं को और बढ़ाती है। भारतीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अधिक सतर्कता बरतने, नफरत से प्रेरित हिंसा के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' (बिल्कुल बर्दाश्त न करने) की नीति अपनाने और निर्णायक कार्रवाई करने की आवश्यकता है।"

October 15, 2026

भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने की अपील

विदेश मंत्रालय (MEA) ने अमेरिकी अधिकारियों से इस मामले की गहन जांच करने, दोषियों को न्याय के कटघरे में लाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने का भी आग्रह किया। जयसवाल ने आगे कहा, "हम उम्मीद करते हैं कि अमेरिकी अधिकारी इस मामले की गहन जांच करेंगे, दोषियों को सजा दिलाएंगे और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सभी जरूरी कदम उठाएंगे।"

मास शूटिंग की साजिश के सिलसिले में 19 वर्षीय गिरफ्तार

विदेश मंत्रालय यह बयान इलिनोइस में हिंदुओं के एक पूजा स्थल को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर गोलीबारी (मास शूटिंग) करने की कथित साजिश के सिलसिले में 19 वर्षीय एलेक्जेंड्रोस पैपोराकिस की गिरफ्तारी के बाद आया है।

पैलेटाइन पुलिस विभाग के अनुसार, जांच की शुरुआत 11 अक्टूबर को हुई, जब माउंट प्रॉस्पेक्ट पुलिस विभाग ने संभावित 'मास शूटिंग' के बारे में जानकारी साझा की। यह जानकारी एक व्यक्ति से मिली, जिसने बताया कि उसे पैपोराकिस की ओर से चिंताजनक इलेक्ट्रॉनिक संदेश मिले थे।

पैपोराकिस को उसके घर से निकलते समय हिरासत में ले लिया गया। बाद में उसके घर की तलाशी लेने पर पुलिस को एक राइफल, कई भरी हुई राइफल मैगजीन, सैकड़ों अतिरिक्त कारतूस, सामरिक उपकरण और जांच से जुड़ी अन्य चीजें मिलीं।

कोर्ट का आदेश, पैपोराकिस को हिरासत रखें

पैपोराकिस पर 'आतंकवादी धमकी देने' (जो एक गंभीर अपराध है) और 'अवैध रूप से हथियार रखने' का आरोप लगाया गया है। बुधवार को उसे हिरासत से जुड़ी सुनवाई के लिए पेश किया गया, जहां जज ने उसे हिरासत में रखने का आदेश दिया।

ये भी पढ़ें: 'प्रशांत भूषण ने कहा यह लड़ाई सरकार बदलने के लिए है, ये देश 140 करोड़ जनता का है, प्राइवेट प्रॉपर्टी नहीं, राहुल का इरादा...', BJP का हमला

 

Published By : Sahitya Maurya

पब्लिश्ड 15 October 2026 at 22:13 IST