अपडेटेड 5 February 2026 at 08:16 IST

इजरायल ने लिया महिला सैनिक की हत्या का बदला, एयरस्‍ट्राइक कर हमास-गाजा ब्रिगेड के दो कुख्‍यात कमांडरों का किया काम तमाम

इजरायली डिफेंस फोर्सेज (IDF) और इजरायली सुरक्षा एजेंसी (ISA) ने एक सटीक संयुक्त सैन्य अभियान में हमास के कुख्यात कमांडर मोहम्मद अल-हबील और फिलिस्तीनी इस्लामिक जिहाद के उत्तरी गाजा ब्रिगेड प्रमुख अली राजियाना को मार गिराया।

इजरायल ने लिया महिला सैनिक की हत्या का बदला, एयरस्‍ट्राइक कर हमास-गाजा ब्रिगेड के दो कुख्‍यात कमांडरों का किया काम तमाम | Image: X

इजरायली डिफेंस फोर्सेज (IDF) और इजरायली सुरक्षा एजेंसी (ISA) ने एक सटीक संयुक्त सैन्य अभियान में हमास के कुख्यात कमांडर मोहम्मद अल-हबील और फिलिस्तीनी इस्लामिक जिहाद के उत्तरी गाजा ब्रिगेड प्रमुख अली राजियाना को मार गिराया। यह एयरस्ट्राइक हालिया युद्धविराम (सीजफायर) के स्पष्ट उल्लंघन के जवाब में की गई, जिसमें आतंकी गुटों ने इजरायली इलाकों पर हमले तेज कर दिए थे।

IDF के अनुसार, मोहम्मद अल-हबील पर इजरायली कॉर्पोरल नोआ मार्सियानो की कैद के दौरान बेरहमीपूर्ण हत्या का सीधा आरोप था। नोआ मार्सियानो को 7 अक्टूबर 2023 के हमास के भयावह हमले के दौरान नाहल ओज मिलिट्री पोस्ट से अपहरण किया गया था। वह इजरायली सेना में एक ऑब्जर्वर सैनिक के रूप में तैनात थीं। कैद के दौरान उनकी क्रूर हत्या की पुष्टि होने पर पूरे इजरायल में जनाक्रोश फैल गया था, और परिवार ने न्याय की मांग की थी।

IDF ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो और बयान के जरिए इस 'एलिमिनेशन' की आधिकारिक पुष्टि करते हुए कहा, "यह कार्रवाई नोआ मार्सियानो के परिवार को न्याय दिलाने वाली है। हम अपने सैनिकों और नागरिकों के खिलाफ हिंसा करने वालों को किसी सूरत में बख्शेंगे नहीं।"

इस्लामिक जिहाद के लिए बड़ा सैन्य झटका

दूसरी ओर, अली राजियाना इस्लामिक जिहाद का उत्तरी गाजा ब्रिगेड का सर्वोच्च कमांडर था। वह न केवल आतंकी दलों की तैनाती और संगठन की रक्षा योजनाओं का मास्टरमाइंड था, बल्कि पूरे गाजा संघर्ष के दौरान बंधकों को कैद में रखने की निगरानी भी उसी के हाथों में थी। IDF के खुफिया इनपुट्स के आधार पर यह हमला रात के अंधेरे में किया गया, जिसमें दोनों आतंकी अपने ठिकाने पर मौजूद थे। विशेषज्ञों का मानना है कि राजियाना का खात्मा इस्लामिक जिहाद के लिए बड़ा सैन्य झटका साबित होगा, क्योंकि वह उत्तरी गाजा में संगठन की रीढ़ थे।

इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय और सेना ने स्पष्ट चेतावनी जारी की है कि सीजफायर का उल्लंघन करने वाले किसी भी आतंकी को निशाना बनाया जाएगा। गाजा पट्टी में चल रहे संघर्ष के बीच यह घटना क्षेत्रीय तनाव को और बढ़ा सकती है। फिलिस्तीनी पक्ष से अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन हमास ने इसे 'इजरायली आक्रमण' करार दिया है।

अब तक का नुकसान

सीजफायर के बाद: इजरायली हमलों में अब तक लगभग 560 लोगों की मौत हुई है (गाजा अधिकारियों के अनुसार), जबकि 4 इजरायली सैनिक मारे गए हैं।

युद्ध की शुरुआत से: अक्टूबर 2023 से अब तक 71,000 से ज्यादा फिलिस्तीनी मारे जा चुके हैं।

इजरायल में नुकसान: 7 अक्टूबर 2023 के हमास हमले में करीब 1,200 इजरायली मारे गए थे।

जनवरी में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सीजफायर के दूसरे फेज का एलान किया था, जिसमें गाजा के पुनर्निर्माण पर बात होनी थी। लेकिन इजरायली सेना की वापसी और हमास के हथियारों को छोड़ने जैसे बड़े मुद्दों पर अब भी पेंच फंसा हुआ है।

इसे भी पढ़ें- दीवार पर लिखा- I am Alone, डायरी पर- Sorry Papa और फर्श पर फैलीं तस्‍वीरें...गाजियाबाद में सुसाइड करने वाली तीनों बहनों ये राज आया सामने

Published By : Ankur Shrivastava

पब्लिश्ड 5 February 2026 at 08:16 IST