US-Iran War: 'अप्रैल फूल बना रहे ट्रंप', अमेरिकी राष्ट्रपति पर ईरान ने यूं कसा तंज, सीजफायर वाले दावे को बताया 'झूठा'

US-Iran War: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि ईरान के नए शासन के राष्ट्रपति ने उनसे सीजफायर की गुहार लगाई। इस पर अब ईरान ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए उन पर तंज कसा है।

ट्रंप के दावे पर ईरान | Image: ANI

Iran on Donald Trump Claim: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सीजफायर वाले दावे पर ईरान की प्रतिक्रिया आई है। ईरान ने उनके दावे को झूठा और आधारहीन बताया है। इतना ही नहीं ईरान ने तो अमेरिकी राष्ट्रपति पर तंज कसते हुए यह तक कह दिया कि ट्रंप अप्रैल फूल (April Fool) बना रहे हैं।

दरअसल, बुधवार (1 अप्रैल) को ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक पोस्ट में दावा किया कि ईरान के नए शासन ने उनसे सीजफायर की गुहार लगाई है। इसके बदले में ट्रंप ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को पूरी तरह से खोलने की शर्त रख दी। इतना ही नहीं उन्होंने ऐसा न होने पर ईरान को तबाह करने की भी धमकी दी।

ईरान ने ट्रंप के दावे को किया खारिज

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने सरकारी टेलीविजन के हवाले से साफ किया कि ट्रंप का सीजफायर का दावा तथ्यात्मक रूप से गलत है और इसका वास्तविकता से कोई लेना-देना नहीं है।

'सोशल मीडिया पोस्ट से नहीं बदलता राष्ट्रपति'

वहीं, उनके बयान पर मुंबई स्थित ईरान के कांसुलेट जनरल ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए तंज कसा। पोस्ट में लिखा गया कि ट्रंप लोगों को “अप्रैल फूल” बना रहे हैं, क्योंकि किसी देश का राष्ट्रपति सोशल मीडिया पोस्ट से नहीं बदलता। ईरान ने साफ किया कि मसूद पेजेश्कियान (Masoud Pezeshkian) अभी भी ईरान के राष्ट्रपति हैं।

इससे पहले ट्रंप ने पोस्ट कर लिखा था, "ईरान के नए शासन के राष्ट्रपति- जो अपने पूर्ववर्तियों की तुलना में कहीं कम कट्टर और कहीं अधिक बुद्धिमान हैं... उन्होंने अभी-अभी संयुक्त राज्य अमेरिका से 'युद्धविराम' (Ceasefire) का अनुरोध किया है। हम इस पर तभी विचार करेंगे, जब होर्मुज जलडमरूमध्य (Hormuz Strait) पूरी तरह से खुला, स्वतंत्र और सुरक्षित हो जाएगा। तब तक, हम ईरान को पूरी तरह से तबाह कर देंगे या जैसा कि कहा जाता है, उसे वापस 'पाषाण युग' (Stone Ages) में धकेल देंगे।"

हम 6 महीने और जंग लड़ने के लिए तैयार- ईरानी विदेश मंत्री

दूसरी तरफ ट्रंप ये भी कह चुके हैं कि अमेरिकी सेना अगले दो से तीन हफ्तों में ईरान छोड़ देगी। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने एक इंटरव्यू में साफ किया है कि वे अमेरिका और इजरायल के साथ कम से कम 6 महीने और जंग लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है। अराघची ने कहा कि ईरान के पास हथियारों और जरूरी सामान का पूरा स्टॉक है और वे अपनी रक्षा के लिए किसी भी हद तक जाएंगे।

यह भी पढ़ें: ईरान ने अमेरिकी कंपनी को बनाया निशाना, बहरीन के DATA सेंटर को उड़ाने की कोशिश, Amazon का क्लाउड कंप्यूटिंग ऑपरेशन क्षतिग्रस्त

 

 

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 1 April 2026 at 22:41 IST