अपडेटेड 6 March 2026 at 16:02 IST
इस देश में 16 साल से कम उम्र वाले बच्चों के लिए सोशल मीडिया बैन, भारत के 2 राज्यों ने भी उठाया कदम
इंडोनेशिया ने 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर सख्त प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है। इसका उद्देश्य ऑनलाइन शोषण, साइबर बुलिंग और मानसिक स्वास्थ्य जोखिम से सुरक्षा।
Social Media Ban: ऑस्ट्रेलिया के बाद इंडोनेशिया ने 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया बैन लागू कर दिया है। इंडोनेशिया ने बच्चों की डिजिटल सुरक्षा को मजबूत करने के लिए यह कदम उठाया है। देश की सरकार ने घोषणा की है कि मार्च 2026 से 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया और दूसरे जोखिम वाले डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर सख्त प्रतिबंध लागू किया जाएगा।
इंडोनेशिया की यह पहल दुनिया भर में बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंता का हिस्सा है। संचार और डिजिटल मामलों के मंत्री मेउत्या हाफिद ने बताया कि 'चाइल्ड प्रोटेक्शन इन डिजिटल स्पेस रेगुलेशन' (PP Tunas) के तहत यह व्यवस्था लागू होगी। यह नियम पूरी तरह से 16 साल से कम उम्र के बच्चों को इंस्टाग्राम, टिकटॉक, फेसबुक और X जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से दूर रखने के लिए है।
- 13 साल से कम उम्र के बच्चे: जो प्लेटफॉर्म्स खासतौर पर बच्चों के लिए डिजाइन किए गए हों, उन्हें इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए भी माता-पिता की अनुमति जरूरी होगी।
- 13 से 15 साल के बच्चे: मध्यम-जोखिम वाले प्लेटफॉर्म्स तक सीमित पहुंच रहेगी, लेकिन माता-पिता की सहमति जरूरी।
- 16 से 17 साल के किशोर: 16 साल से अधिक उम्र के बच्चे सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर सकेंगे, लेकिन फिर भी पैरेंटल कंसेंट की जरूरत होगी।
- 16 साल से कम उम्र के मौजूदा अकाउंट्स को मार्च 2026 से ब्लॉक या डिलीट किया जा सकता है। प्लेटफॉर्म्स को एज वेरिफिकेशन लागू करना होगा।
सरकार का कहना है कि यह कदम बच्चों को ऑनलाइन शोषण, हानिकारक कंटेंट, साइबर बुलिंग, मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं और अन्य खतरों से बचाने के लिए उठाया जा रहा है। प्लेटफॉर्म्स अगर नियमों का पालन नहीं करते तो उन्हें जुर्माना, चेतावनी या यहां तक कि इंडोनेशिया में पहुंच बंद करने जैसी सजा मिल सकती है।
ऑस्ट्रेलिया मैं भी बैन
यह फैसला ऑस्ट्रेलिया के बाद आया है, जहां दिसंबर 2025 से 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर पूर्ण प्रतिबंध लागू हो चुका है। मलेशिया भी इसी तरह के सख्त नियम लागू कर रहा है। इंडोनेशिया ने रिस्क-बेस्ड मॉडल अपनाया है, जो पूरी तरह बैन की बजाय उम्र के हिसाब से अलग-अलग स्तर पर लागू होगा।
भारत के दो राज्यों में बैन
भारत के दो राज्यों कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में भी डिजिटल सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने विधानसभा में बजट पेश करते हुए शुक्रवार को 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर बैन की घोषणा करदी है। इसके बाद आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने विधानसभा में घोषणा की है अगले 90 दिनों के भीतर 13 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगा दिया जाएगा।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 6 March 2026 at 16:02 IST