अपडेटेड 14 July 2024 at 15:19 IST
भारत, द. कोरिया एफटीए समीक्षा वार्ता का अगला दौर 17 जुलाई से सियोल में
भारत और दक्षिण कोरिया के बीच मौजूदा FTA का अद्यतन करने के लिए बातचीत आगे बढ़ने के साथ दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारी सियोल में अगले दौर की वार्ता करेंगे।
भारत और दक्षिण कोरिया के बीच मौजूदा मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) का अद्यतन करने के लिए बातचीत आगे बढ़ने के साथ दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारी बुधवार से सियोल में अगले दौर की वार्ता करेंगे। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
इसे व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौता (सीईपीए) कहा जाता है, जनवरी, 2010 में लागू हुआ था। अब तक समीक्षा वार्ता के 10 दौर संपन्न हो चुके हैं।
अधिकारी ने बताया कि भारतीय दल अगले दौर की समीक्षा बैठकों के लिए 17-19 जुलाई तक सियोल की यात्रा पर जाएगा।
उन्होंने कहा, “दोनों पक्ष समझौते को अंतिम रूप देने के लिए 11वें दौर में व्यापक रूपरेखा पर चर्चा करेंगे। दक्षिण कोरिया इस वर्ष वार्ता पूरी करने का इच्छुक है।”
दोनों देशों ने कुछ उत्पादों के लिए अधिक बाजार पहुंच की मांग की है, जो समझौते की नकारात्मक सूची में हैं। इस सूची के तहत आने वाले उत्पादों के लिए कोई सीमा शुल्क रियायत नहीं दी जाती है।
वाणिज्य विभाग ने प्रस्ताव सूची तैयार करने के लिए भारी उद्योग, इस्पात और रसायन सहित विभिन्न मंत्रालयों के साथ मिलकर काम किया है।
भारत ने दक्षिण कोरिया से इस्पात, चावल और झींगा जैसे कुछ उत्पादों के लिए अधिक बाजार पहुंच की मांग की है ताकि इन वस्तुओं के निर्यात को बढ़ावा दिया जा सके। भारत ने दक्षिण कोरियाई कंपनियों द्वारा भारतीय इस्पात न खरीदने पर चिंता जताई है।
भारत ने दोनों देशों के बीच बढ़ते व्यापार घाटे को लेकर भी चिंता जताई है। दक्षिण कोरिया को भारत का निर्यात 2023-24 में घटकर 6.41 अरब डॉलर रह गया, जो 2022-23 में 6.65 अरब डॉलर और 2021-22 में आठ अरब डॉलर था।
पिछले वित्त वर्ष में आयात 21.13 अरब डॉलर रहा, जबकि 2022-23 में यह 21.22 अरब डॉलर और 2021-22 में 17.5 अरब डॉलर था।
Published By : Kanak Kumari Jha
पब्लिश्ड 14 July 2024 at 15:19 IST