रियाद में फाइनेंशियल सेंटर पर हूती हमले की भारत ने की निंदा, विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर घायल भारतीयों को मदद का दिलाया भरोसा

भारत ने सऊदी अरब के रियाद में फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट स्थित टावर पर हुए हूती हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। इस हमले में दो भारतीय नागरिक भी घायल हुए हैं।

रियाद में फाइनेंशियल सेंटर पर हूती हमले की भारत ने की निंदा | Image: X/AP

भारत ने रियाद के फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट स्थित टावर पर हुए हूती हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर इसे अंतरराष्ट्रीय नियमों के खिलाफ बताया और दो भारतीय नागरिकों के घायल होने की पुष्टि की। मंत्रालय ने भरोसा दिलाया है कि घायल भारतीयों और उनके परिवारों को हर संभव मदद मुहैया कराया जाएगा।

विदेश मंत्रालय (MEA) ने कहा, ‘हम 24 नवंबर को रियाद के फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट स्थित टावर पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हैं। साथ ही, हम सऊदी अरब साम्राज्य में नागरिकों, आर्थिक ढांचे और ऊर्जा अवसंरचना को निशाना बनाकर किए जा रहे लगातार हमलों की भी निंदा करते हैं।’

भारत ने हूती हमले की निंदा की

रियाद के फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट में हुए इस हमले में घायल लोगों में दो भारतीय भी शामिल हैं। रियाद में भारतीय दूतावास घायलों और उनके परिवारों को हर संभव मदद मुहैया करा रहा है। ये हमले नागरिकों की जान के लिए गंभीर खतरा पैदा करते हैं, सऊदी अरब की संप्रभुता का उल्लंघन करते हैं, और क्षेत्रीय सुरक्षा व स्थिरता को कमजोर करते हैं। हम मांग करते हैं कि ऐसे हमलों को तुरंत रोका जाए।

November 25, 2026

सऊदी अरब के साथ हमारी एकजुटता

हम सऊदी अरब की जनता और सरकार के साथ अपनी एकजुटता दोहराते हैं। साथ ही, हम सऊदी अरब की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और वहां के नागरिकों व निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपना पूरा समर्थन फिर से जताते हैं। हमें पूरी उम्मीद है कि इस क्षेत्र में जल्द से जल्द शांति और सामान्य स्थिति बहाल हो जाएगी

बता दें कि हूती विद्रोहियों ने मंगलवार को रियाद के फाइनेंशियल सेंटर टावर पर हमला किया था। सऊदी सिविल डिफेंस के अनुसार, इस हमले में कुल 11 लोग घायल हुए। इनमें दो सऊदी नागरिक, दो भारतीय, तीन नेपाली और चार मिस्र के नागरिक शामिल हैं।

यह भी पढ़ें: फिर टैरिफ बम फोड़ने की प्लानिंग में ट्रंप, लिस्ट में भारत का भी नाम
 

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 25 November 2026 at 10:37 IST