वो जिंदा हैं...ईरान ने मोजतबा खामेनेई के हेल्थ अपडेट पर किया बड़ा खुलासा, बोला- हां उस रात वो उस बिल्डिंग में थे जहां अली खामेनेई की हुई मौत
फार्स न्यूज एजेंसी के मुताबिक, उन्होंने कहा, "कुछ लोग हमारे सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई के स्वास्थ्य के बारे में पूछते हैं। यह दुश्मन की एक चाल है। वे यह कहना चाहते हैं कि वे उपस्थित क्यों नहीं हैं?
ईरान ने शुक्रवार को पुष्टि की कि सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई उस इमारत में मौजूद थे, जिस पर ईरान युद्ध के दौरान बमबारी हुई थी। विशेषज्ञों की सभा के सदस्य और सर्वोच्च नेता कार्यालय के अंतरराष्ट्रीय मामलों के उप प्रभारी अयातुल्लाह मोहसिन कोमी ने खामेनेई की सेहत को लेकर अफवाहों को खारिज करते हुए कहा कि वे पूरी तरह स्वस्थ हैं। फार्स न्यूज एजेंसी के अनुसार, कोमी ने बताया कि मोजतबा खामेनेई 28 फरवरी से शुरू हुए संघर्ष के दौरान बमबारी वाली उस इमारत में थे, जहां अन्य लोग (अली खामेनेई) शहीद हो गए।
लेकिन विस्फोट से ठीक कुछ मिनट पहले, अल्लाह की कृपा से वे आंगन में चले गए थे, जिससे उनकी जान बच गई। कोमी ने कहा, "वो उसी इमारत में थे, जिस पर बमबारी हुई और जहां अन्य शहीद हो गए। विस्फोट से ठीक पहले, अल्लाह की इच्छा से वे आंगन में निकल गए। अल्लाह ने उन्हें सुरक्षित रखा"। उन्होंने आगे कहा, "अब वो पूरी तरह स्वस्थ हैं और सक्रिय रूप से मामलों का संचालन कर रहे हैं। वे वार्ता और क्षेत्रीय अभियानों की निगरानी खुद कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने वार्ता टीम को विभिन्न परिस्थितियों में क्या कदम उठाने हैं, इसके विशेष निर्देश दिए।"
हेल्थ को लेकर अफवाहों की ईरान ने की निंदा
फार्स न्यूज एजेंसी के मुताबिक, उन्होंने कहा, "कुछ लोग हमारे सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई के स्वास्थ्य के बारे में पूछते हैं। यह दुश्मन की एक चाल है। वे यह कहना चाहते हैं कि वे उपस्थित क्यों नहीं हैं? वे कोई ऑडियो या वीडियो संदेश क्यों नहीं भेजते? जिन लोगों ने उनसे मुलाकात की है, वे सामने आकर बात क्यों नहीं करते? वे इन सवालों का इस्तेमाल करके हमें प्रतिक्रिया देने पर मजबूर करना चाहते हैं, ताकि वे अपने मकसद पूरे कर सकें।"
'वह धरती पर खुदा का प्रमाण हैं'
कोमी ने कहा कि चोटें लगने के बावजूद, ईरानी अधिकारी अब सर्वोच्च नेता की जान बचाने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "अभी हमारे लिए सबसे अहम मसला हिज एमिनेंस (माननीय) नेता की जान बचाने में मदद करना है, जो इस समय धरती पर 'खुदा का प्रमाण' हैं। और मैं आपको यकीन दिलाता हूं कि वहां लगी चोटों के बावजूद, सर्वशक्तिमान ईश्वर ने उन्हें शिया समुदाय के लिए एक अनमोल धरोहर के रूप में सुरक्षित रखा है।"
पहले भी आया था बयान
इससे पहले भारत में ईरान के प्रतिनिधि मोहम्मद हुसैन जियानिया ने भी कहा था कि सुप्रीम लीडर की हालत ठीक है। उन्होंने बताया था कि हाल ही में मिली जानकारी के अनुसार उनकी सेहत अच्छी है। न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि 28 फरवरी को हुए एयरस्ट्राइक के बाद मुज्बता खामेनेई सार्वजनिक रूप से कम नजर आ रहे हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया था कि उस हमले में उनके परिवार के कुछ सदस्यों की मौत हो गई थी और इसके बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उनके पास बहुत सीमित लोग ही पहुंच पा रहे हैं, जिनमें मेडिकल टीम शामिल है।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 1 May 2026 at 21:36 IST