Congo School Fire: विद्रोही के कब्जे वाले कांगों के स्कूल में लगी भीषण आग, अबतक 20 स्टूडेंट्स की मौत, 50 से ज्यादा घायल
पूर्वी कांगो के विद्रोही कब्जे वाले शहर बुकावू के एक स्कूल में भीषण आग लगने से बच्चों समेत कई जानें चली गईं। स्थानीय लोगों और अस्पताल के कर्मचारियों की माने तो कम से कम 20 लोगों की मौत हुई है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read
पूर्वी कांगो के विद्रोही कब्जे वाले शहर बुकावू के एक स्कूल में भीषण आग लगने से बच्चों समेत कई जानें चली गईं। स्थानीय लोगों और अस्पताल के कर्मचारियों की माने तो कम से कम 20 लोगों की मौत हुई है। रॉयटर्स ने कुछ गवाहों के हवालों से यह जानकारी दी। गवाहों ने बताया कि उन्होंने खुद 20 शवों को एम्बुलेंस में लादने में मदद की, जिनमें पुरुष और बच्चे दोनों शामिल थे।
एक स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ने रॉयटर्स को बताया कि उन्हें आग में मारे गए 20 लोगों के शव मिले। दूसरे अस्पताल में 50 से ज्यादा छात्र भर्ती कराए गए, जिनमें से खबर लिखे जाने तक 20 की मौत हो गई। हालात इतने भयावह हैं कि डॉक्टर और नर्स रात भर काम कर रहे हैं। कई घायल गंभीर हालत में हैं। आग लगने का सही कारण अभी साफ नहीं हो पाया है। कोई भी आधिकारिक जांच रिपोर्ट अभी सामने नहीं आई है।
विद्रोही नियंत्रण वाला शहर
बुकावू पिछले साल से आरडब्ल्यूए समर्थित एएफसी/एम23 विद्रोही समूह के कब्जे में है। यह समूह पूर्वी कांगो में तेजी से आगे बढ़ा था। शहर में कानून व्यवस्था की स्थिति पहले से ही नाजुक है। ऐसे में स्कूल जैसी जगह पर इतनी बड़ी घटना ने स्थानीय लोगों में गुस्सा और डर दोनों पैदा कर दिया है।
विद्रोही नेता का बयान
विद्रोही गठबंधन के समन्वयक कॉर्नेल नंगा ने रॉयटर्स से बात करते हुए कहा कि अभी सटीक आंकड़ा उनके पास नहीं है, लेकिन मौतों की संख्या करीब 10 के आसपास हो सकती है। स्थानीय सूत्रों और अस्पताल के आंकड़ों में अंतर साफ दिख रहा है। ऐसे मामलों में अक्सर शुरुआती आंकड़े बदलते रहते हैं।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 10 September 2026 at 22:32 IST