हीथ्रो, ब्रुसेल्स और बर्लिन के एयरपोर्ट्स पर सबसे बड़ा साइबर अटैक... क्या है MUSE सॉफ्टवेयर, जिसने रोक दी विमानों की उड़ान?

यूरोप के कई एयरपोर्ट्स पर साइबर अटैक के बाद कई उड़ानें रद्द कर दी गई है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हीथ्रो, ब्रुसेल्स और बर्लिन एयरपोर्ट पर चेक-इन और बोर्डिंग सिस्टम तक ठप हो गया।

यूरोप के कई एयरपोर्ट्स पर साइबर अटैक | Image: Heathrow Airport/X

European Airports Cyber Attack: यूरोप के कई बड़े एयरपोर्ट पर साइबर हमले की खबर सामने आ रही है। साइबर हमले की वजह से अफरातफरी मच गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, लंदन के हीथ्रो, ब्रुसेल्स और बर्लिन सहित कई प्रमुख यूरोपीय एयरपोर्ट पर चेक-इन और बोर्डिंग सिस्टम ने काम करना बंद कर दिया, जिससे दर्जनों फ्लाइट्स रद्द करना पड़ा। अगर आप भी इन एयरपोर्ट पर जाने वाले हैं तो ये खबर जानना आपके लिए जरूरी है कि आप एयरपोर्ट पर चेक इन कर भी पाएंगे या नहीं। तो फिलहाल के लिए इन एयरपोर्ट पर कई फ्लाइट कैंसिल कर दी गई है।  

कॉलिन्स एयरोस्पेस पर साइबर हमला

रिपोर्ट्स के अनुसार, यह साइबर हमला कॉलिन्स एयरोस्पेस पर हुआ, जो दुनिया भर के एयरलाइंस को चेक-इन और बोर्डिंग सॉफ्टवेयर प्रदान करती है। कंपनी ने पुष्टि की कि उनके MUSE सॉफ्टवेयर को प्रभावित करने वाली "साइबर-संबंधी गड़बड़ी" के बारे में पता चला है और वे समस्या को हल करने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं।

घंटों से इंतजार कर रहे यात्री, एयरपोर्ट पर ऑपरेशन ठप

इस साइबर हमले की वजह से एयरपोर्ट पर ऑपरेशन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है और यात्रियों को घंटों तक लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ा। ब्रुसेल्स एयरपोर्ट ने अपनी वेबसाइट पर बताया है कि इस हमले ने ऑटोमेटिक चेक-इन और बोर्डिंग सिस्टम को ठप कर दिया है, जिसके चलते बड़ी संख्या में उड़ानों में देरी हुई है और फ्लाइट कैंसिल करना पड़ा है।

फ्रैंकफर्ट और ज्यूरिख एयरपोर्ट सुरक्षित

वहीं, जर्मनी का फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट और स्विट्जरलैंड का ज्यूरिख एयरपोर्ट सामान्य रूप से काम करते रहे और उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी सेवाएं इस हमले से प्रभावित नहीं हुई हैं। यह साइबर हमला यूरोपीय एयरपोर्ट्स की सुरक्षा के लिए एक बड़ा खतरा है और इससे निपटने के लिए एयरपोर्ट अधिकारियों और साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों को मिलकर काम करना होगा। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी उड़ानों की स्थिति की जांच करते रहें और एयरपोर्ट पर ज्यादा समय लेकर पहुंचे।

यह भी पढ़ें: H1B Visa : ट्रंप ने इन वीजा धारकों को दी छूट, नहीं भरने होंगे 1 लाख डॉलर

Published By : Nidhi Mudgill

पब्लिश्ड 21 September 2025 at 07:09 IST