Earthquake: भारत के पड़ोस में कांपी धरती, अब म्यांमार में आया भूकंप; कितनी रही तीव्रता?

म्यांमार में आज भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं, जिससे लोग घबरा गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी ने भूकंप की जानकारी दी है।

Earthquake | Image: X

Myanmar Earthquake: भारत के पड़ोस में एक बार फिर धरती हिली है। म्यांमार में आज यानी रविवार को 3.5 तीव्रता का भूकंप आया। इसकी जानकारी नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NSC) ने दी है।

NSC के मुताबिक, म्यामांर में भूकंप सुबह-सुबह करीब 6 बजकर 33 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। इसका केंद्र जमीन के भीतर 130 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। अचानक महसूस हुए झटके से लोग घबराकर उठे। वहीं हल्के झटके होने के कारण अधिकांश लोग इसे महसूस नहीं कर सके। इस बीच, राहत की बात ये है कि इसमें किसी जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। 

August 16, 2026

कहां-कहां आते हैं भूकंप?

पृथ्वी की सतह से लेकर लगभग 700 किलोमीटर की गहराई तक भूकंप कहीं भी आ सकते हैं। वैज्ञानिक दृष्टि से गहराई के आधार पर भूकंपों को तीन हिस्सों में बांटा गया है- उथला, मध्यवर्ती और गहरा। उथले भूकंप जमीन की सतह से लेकर 70 किलोमीटर तक की गहराई में आते हैं। मध्यवर्ती भूकंप की गहराई 70 किलोमीटर से लेकर 300 किलोमीटर के बीच होती है। जबकि गहरे भूकंप की गहराई 300 से 700 तक होती है। आमतौर पर जब कोई भूकंप जमीन में 70 किलोमीटर से अधिक की गहराई पर आता है, तो उसे डीप-फोकस भूकंप कहा जाता है।

म्यांमार बड़े भूकंपों के लिहाज से संवेदनशील

बताया जाता है कि म्यांमार अपने लंबे समुद्री तट के कारण मध्यम और बड़े भूकंपों और सुनामी के खतरे के लिहाज से संवेदनशील है। यह देश चार टेक्टोनिक प्लेटों (भारतीय, यूरेशियन, सुंडा और बर्मा प्लेट शामिल है) के बीच स्थित है, जो सक्रिय भूमगीर्य प्रक्रियाओं में शामिल है। म्यांमार से होते हुए एक 1400 किमी लंबी ट्रांसफॉर्म फॉल्ट गुजरती है, जो अंडमान स्प्रेडिंग सेंटर को उत्तर में स्थित सागाइंग फॉल्ट नामक टकराव क्षेत्र से जोड़ती है। 

इंडोनेशिया में आए भूकंप में 40 से ज्यादा की मौत

म्यांमार से पहले शनिवार को पूर्वी इंडोनेशिया कुछ ही घंटों के भीतर लगातार तीन भूकंप से दहल उठा। यहां रात में गल्फ ऑफ टॉमिनी में 6.0 की तीव्रता का भूकंप आया। इससे पहले इसी दिन पहला भूकंप 6.5 तीव्रता का और दूसरा सुबह भूकंप 7.7 तीव्रता का आया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुबह को आए शक्तिशाली भूकंप में अबतक 47 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं कई लोग घायल हुए हैं, जबकि बड़ी संख्या में लोगों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों में भी जाना पड़ा है। 

इस भूकंप में कई बड़ी-बड़ी इमारतें ढह गईं। इस विनाशकारी भूकंप से हुई तबाही के बाद लोगों में दहशत फैल गई। अधिकारियों ने बताया कि दर्जनों और लोग घायल हुए हैं और चेतावनी दी कि मरने वालों की संख्या निश्चित रूप से बढ़ सकती है।

यह भी पढ़ें: 'बहुत ही शर्मनाक दृश्य', बीजेपी ने कांग्रेस पर लगाया वंदे मातरम के अपमान का आरोप, सुधांशु त्रिवेदी बोले- घोर अनादर, देश से माफी मांगें...

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 16 August 2026 at 08:03 IST