अपडेटेड 5 August 2024 at 18:15 IST
बांग्लादेश में संसद धुआं-धुआं, PM आवास के बाद पार्लियामेंट पर प्रदर्शनकारियों का कब्जा, VIDEO
बांग्लादेश की संसद में प्रदर्शनकारी सांसदों की कुर्सियों पर बैठे हुए हैं तो कई टेबल पर चढ़कर तोड़फोड़ करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
Bangladesh: बांग्लादेश में हालात मिनट दर मिनट बद से बदतर होते जा रहे हैं। प्रदर्शनकारी पहले तो ढ़ाका में प्रधानमंत्री आवास में घुस गए और जमकर उत्पात मचाया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों बांग्लादेश की संसद में भी घुसपैठ कर दी है। उग्र प्रदर्शनकारी संसद में टेबल पर चढ़कर उत्पात मचा रहे हैं और नारेबाजी कर रहे हैं।
बांग्लादेश की संसद से सामने आए वीडियो में प्रदर्शनकारी कुर्सियों और टेबल पर चढ़े हुआ नजर आ रहे हैं। वहीं संसद के अंदर ही धुएं जैसा भी कुछ दिखाई दे रहा है,मानो किसी प्रदर्शनकारी ने संसद में स्मोग बम का इस्तेमाल किया हो। संसद में प्रदर्शनकारी सांसदों की कुर्सियों पर बैठे हुए हैं तो कई टेबल पर चढ़कर तोड़फोड़ करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
शेख हसीना ने बहन के साथ छोड़ा देश
पीएम शेख हसीना ने अपनी बहन के साथ बांग्लादेश छोड़ दिया है। राजधानी ढाका में स्थिति तनावपूर्ण होने और प्रधानमंत्री आवास पर प्रदर्शनकारियों के घुसने के बाद शेख हसीना वाजिद आज दोपहर करीब 2:30 बजे बंगभवन से एक सैन्य हेलीकॉप्टर से रवाना हो गईं। पहले उनके फिनलैंड जाने की खबर आई। अब खबर है कि शेख हसीना मिलिट्री हेलीकॉप्टर से भारत पहुंची हैं और वो दिल्ली से लंदन की फ्लाइट लेंगी।
बांग्लादेश में तख्तापलट, सेना ने संभाला मोर्चा
बांग्लादेश आर्मी चीफ वाकर उज जमान ने देश को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदर्शनकारी हालातों को ठीक करने के लिए सेना का सहयोग करें। प्रदर्शनकारियों की मांग पर विचार किया जाएगा। हिंसा से देश का नुकसान हो रहा है। बांग्लादेश में अंतरिम सरकार बनेगी। शांति व्यवस्था बहाल करेंगे, सेना पर भरोसा रखें। लोग कानून को अपने हाथ पर न लें।
अचानक कैसे बिगड़े बांग्लादेश में हालात?
बांग्लादेश बीते कई दिनों से नौकरी में आरक्षण खत्म करने की मांग को लेकर हिंसा की आग में झुलस रहा है। आज यानी सोमवार 5 अगस्त को मीरपुर से छात्रों के साथ हजारों लोगों ने ढाका के लिए एक मार्च शुरू किया। यहां इस दौरान देखते-देखते ही हालात बिगड़ गए। प्रदर्शनकारियों ने राजधानी ढाका में प्रधानमंत्री आवास पर कब्जा कर लिया। जब भीड़ पीएम आवास के अंदर घुसी तो शेख हसीना वहीं मौजूद थीं। इसके बाद उन्हें आनन फानन में एयरलिफ्ट किया गया।
इसे भी पढ़ें: बांग्लादेश में अचानक हालात बेकाबू होने में है विदेशी हाथ? भारत पर कितना असर; एक्सपर्ट ने बताया सबकुछ
(Note: यह एक ब्रेकिंग स्टोरी है। अधिक जानकारी के साथ अपडेट हो रही है)
Published By : Deepak Gupta
पब्लिश्ड 5 August 2024 at 18:04 IST