बांग्लादेश की हरकत पर भड़का भारत, सेमिनार में दिखाया कश्मीर को PAK का हिस्सा, भारतीय अधिकारी ने बीच में टोककर लगा दी क्लास
ढाका के एक सेमिनार में बांग्लादेश ने भारत का गलत नक्शा दिखाकर कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा बताया। इस पर कार्यक्रम में मौजूद भारतीय राजनयिक पूजा कुमारी झा ने बीच में ही टोककर कड़ा विरोध जताया। इसके बाद बांग्लादेश को मंच से ही सफाई देनी पड़ी।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read
Bangladesh news: बांग्लादेश की एक हरकत ने भारत का पारा चढ़ा दिया। ढाका में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में भारत का गलत नक्शा दिखाया। इसमें जम्मू-कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा दिखाया गया। बांग्लादेश की इस हरकत पर भारत ने तुरंत हस्तक्षेप किया। भारतीय उच्चायोग की अधिकारी ने कार्यक्रम के बीच में ही टोकते हुए कहा कि यहां दिखाया गया नक्शा पूरी तरह गलत है। इस पर फजीहत होने के बाद बांग्लादेश को सफाई देनी पड़ी।
स्क्रीन पर दिखाया गलत नक्शा
सोमवार (6 जुलाई) को ढाका के बांग्लादेश इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरनेशनल एंड स्ट्रैटेजिक स्टडीज की ओर से एक सेमिनार आयोजित किया गया, जो विदेश मामलों को लेकर था। कार्यक्रम में बांग्लादेश के पूर्व राजदूत तारिक ए करीम बतौर मुख्य वक्ता प्रजेंटेशन दे रहे थे। इसी दौरान भारत का गलत नक्शा स्क्रीन पर दिखाया गया। नक्शे में जम्मू कश्मीर को पाकिस्तान के हिस्से के तौर पर दिखा दिया गया।
सेकेंड सेक्रेटरी ने तुरंत टोका, फिर…
इस दौरान दर्शकों में भारतीय हाईकमीशन की सेकेंड सेक्रेटरी पूजा कुमारी झा मौजूद थीं। जैसे ही उन्होंने स्क्रीन पर गलत नक्शा देखा, तुरंत ही उन्होंने इस पर कड़ा विरोध जताया। उन्होंने कहा कि यहां दिखाया जा रहा भारत का नक्शा पूरी तरह से गलत है। जम्मू कश्मीर भारत का अटूट हिस्सा है। यह नक्शा सही नहीं है।
भारत की ओर से विरोध दर्ज कराए जाने के बाद तारिक ए करीम को मंच से ही सफाई देनी पड़ी। उन्होंने अपने बचाव में कहा कि इस नक्शे का इस्तेमाल केवल सांकेतिक तौर पर किया गया है। वास्तविक सीमाओं से इसका कोई संबंध नहीं है।
जम्मू-कश्मीर को लेकर भारत का रुख साफ
ढाका की इस घटना ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि जम्मू-कश्मीर को लेकर भारत का रुख सख्त है। नई दिल्ली ने वैश्विक मंचों पर हमेशा यह दोहराया है कि संपूर्ण जम्मू-कश्मीर और लद्दाख भारत का अभिन्न और अटूट हिस्सा थे, हैं और हमेशा रहेंगे। भारत अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के साथ किसी भी देश या संगठन को खिलवाड़ करने की इजाजत नहीं दे सकता। ढाका में भारतीय राजनयिक का यह तीखा हस्तक्षेप पड़ोसी देशों के लिए एक कड़ा कूटनीतिक संदेश है कि कश्मीर पर भारत 'नो टॉलरेंस' की नीति पर कायम है।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 7 July 2026 at 08:34 IST