इजरायल के बाद अब UAE ने भी Flydubai हमले को बताया 'टेररिस्ट एक्ट', 180 लोगों की जान बचाने वाले भारतीय पायलट स्मित मच्छार के जज्बे को किया सलाम

यूएई के राष्ट्रपति के वरिष्ठ सलाहकार अनवर गर्गश ने फ्लाईदुबई विमान को हाईजैक करने के प्रयास को गंभीर आतंकवादी घटना करार दिया। इस दौरान उन्होंने भारतीय पायलट स्मित मच्छार की सूझबूझ और असाधारण बहादुरी की जमकर सराहना की।

इजरायल के बाद अब UAE ने भी Flydubai हमले को बताया 'टेररिस्ट एक्ट', 180 लोगों की जान बचाने वाले भारतीय पायलट स्मित मच्छाल के जज्बे को किया सलाम | Image: ANI

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 को हाइजैक करने की नाकाम कोशिश पर संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने कड़ा रुख अपनाया है। UAE के राष्ट्रपति के वरिष्ठ सलाहकार अनवर गर्गश ने इस घटना को स्पष्ट रूप से एक 'आतंकवादी घटना' करार दिया है। यह पहला मौका है जब अमीरात प्रशासन की ओर से इस मामले को आधिकारिक तौर पर आतंकवाद से जोड़कर देखा गया है।

कठिन परिस्थितियों में भारतीय पायलट बना 'सच्चा हीरो'

अनवर गर्गश ने संकट के समय अदम्य साहस और पेशेवर दक्षता दिखाने के लिए भारतीय पायलट स्मित मच्छार की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि कैप्टन स्मित मच्छार हर तरह के सम्मान और प्रशंसा के हकदार हैं। एक संभावित बड़े हादसे और आतंकी साजिश के सामने जिस तरह उन्होंने सूझबूझ, जिम्मेदारी और नैतिक समझ का परिचय दिया, उसने एक मिसाल कायम की है। गर्गश के अनुसार, सबसे चुनौतीपूर्ण पलों में स्मित का यह पेशेवर रवैया उन्हें एक 'सच्चा हीरो' बनाता है।

अफवाहों और साजिश के सिद्धांतों से बचने की सलाह

वरिष्ठ सलाहकार ने दुनिया को सतर्क रहने का संदेश देते हुए कहा कि ऐसी गंभीर घटनाओं को साधारण मानकर आंकना या तरह-तरह के 'कॉन्स्पिरेसी थ्योरी' को बढ़ावा देना खतरनाक हो सकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि कट्टरपंथ और आतंकवाद के वैश्विक खतरे से निपटने के लिए हर स्तर पर सतर्कता, सावधानी और सामूहिक संकल्प बेहद आवश्यक है।

October 2, 2026

मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश

घटना के तुरंत बाद विमान को सऊदी अरब की ओर डायवर्ट कर सुरक्षित लैंड कराया गया था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए UAE प्रशासन ने तुरंत कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। UAE के अटॉर्नी जनरल डॉ. हमद सैफ अल शम्सी के निर्देश पर इस पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं। कॉकपिट में असल में क्या हुआ था, इसकी तह तक जाने के लिए एक विशेष पब्लिक प्रॉसिक्यूशन टीम का गठन किया गया है। यह टीम फ्लाइट के भीतर मिले सबूतों, रिकॉर्डिंग्स और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों को जुटाकर मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है।

ये भी पढ़ें - LPU कैंपस हिंसा मामले में पंजाब पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, 9 लोगों को किया गिरफ्तार; 20 आरोपियों की पहचान कर नामजद किया

Published By : Aarya Pandey

पब्लिश्ड 2 October 2026 at 19:42 IST