नेपाल में बूढ़ी गंडकी नदी का 'रौद्ररूप', अचानक आई बाढ़ में अभी तक 10 लोग लापता, 6 सुरक्षित बचाए गए

नेपाल में बूढ़ी गंडकी नदी में अचानक आई बाढ़ की वजह से भारी नुकसान हुआ है। बाढ़ ने चुमनुबरी ग्रामीण नगर पालिका के वार्ड 3 के पेन्यु और बागर में लगभग 35 घरों को बहा दिया। बाढ़ में छह पुल भी बह गए। बाढ़ में अभी तक 10 लोग लापता बताए जा रहे हैं।

नेपाल में बूढ़ी गंडकी नदी का 'रौद्ररूप', अचानक आई बाढ़ में 10 लोग लापता | Image: X

Nepal: रविवार, 11 अक्टूबर की सुबह नेपाल के गोरखा जिले में बूढ़ी गंडकी नदी बेसिन में आई भयानक और अचानक बाढ़ के बाद कम से कम 10 लोग लापता बताए जा रहे हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी कि बाढ़ में करीब छह पुल भी बह गए, जिनमें दो मोटरेबल पुल और चार सस्पेंशन पुल शामिल हैं।

समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए सहायक मुख्य जिला अधिकारी नेत्र प्रसाद शर्मा ने बताया कि बाढ़ ने अरुघाट, त्रिपुरासुंदरी और सोती-मानबू में मोटर-गाड़ियों वाले पुलों को नष्ट कर दिया। गोरखा में धारचे ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड 1 और 3 को जोड़ने वाला एक बेली ब्रिज भी बाढ़ के पानी में बह गया।

अचानक आई बाढ़ में अभी तक 10 लोग लापता

बूढ़ी गंडकी नदी में आई अचानक बाढ़ की वजह से भारी नुकसान हुआ है। अधिकारियों ने बताया कि अचानक बाढ़ के बाद कम से कम 10 लोग लापता है, जबकि 6 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। नेत्र प्रसाद शर्मा ने बताया आज सुबह ज़िले के उत्तरी हिस्से में बाढ़ आने के बाद से 10 लोगों के लापता होने की सूचना है। नदी का जलस्तर लगातार घट-बढ़ रहा है, इसलिए अलर्ट जारी किया गया है। हम लगातार बहाव पर नजर रख रहे हैं।

बाढ़ में लगभग 35 घर बहे

अचानक आई बाढ़ ने चुमनुबरी ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड 3 में पाइन्यु और बागर में लगभग 35 घर बहा दिए। इसने जगत, सल्लेरी, डोवन और घट्टेखोला में बस्तियों को भी नुकसान पहुँचाया। घटना के बाद, प्रधानमंत्री (PM) बालेन शाह ने कहा कि सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए नेपाली सेना की एक टुकड़ी को हवाई और जमीनी रास्ते से भेजा गया है।

लापता लोगों के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

प्रधानमंत्री बालेन शाह ने कहा बूढ़ी गंडक बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में बचाव, राहत और लोगों को सुरक्षित निकालने के प्रयासों में मदद के लिए हेलीकॉप्टर तैनात किए गए हैं। मदद के लिए काठमांडू से एक संयुक्त त्वरित प्रतिक्रिया टीम (Joint Rapid Response Team) को भी हवाई मार्ग से उस क्षेत्र में भेजा गया है।

October 11, 2026

भयानक बाढ़ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

सोशल मीडिया पर होम मिनिस्टर सूडान गुरुंग ने रविवार सुबह गोरखा में बूढ़ी गंडकी नदी में आए उफान के बाद नेपाल में एक और भयंकर बाढ़ की चेतावनी दी। बाढ़ के एक वीडियो के साथ सोशल मीडिया पोस्ट में गुरुंग ने कहा कि बचाव, राहत और लोगों को निकालने के काम के लिए हेलीकॉप्टर टीमों समेत सुरक्षा कर्मियों को प्रभावित इलाकों में भेजा गया है।

उन्होंने लिखा, “नेपाल में एक और भयंकर बाढ़ आई है, और मुझे इस खबर से बहुत चिंता हुई है कि गोरखा के चुमनुबरी ग्रामीण नगर पालिका के वार्ड नंबर 3 में न्याकचेत और फिल्म बाज़ार को जोड़ने वाला पुल बह गया है। नदी का बहाव लगातार बढ़ रहा है, और घट्टेखोला इलाके के कुछ घरों में कीचड़ भरा बाढ़ का पानी घुस गया है।”

ये भी पढ़ें: नेपाल में फिर 'जल प्रलय' का अलर्ट, ऊफान पर बूढ़ी गंडक नदी, लोगों से ऊंचाई वाली जगहों पर जाने की अपील; खौफनाक VIDEO ने याद दिलाया फ्लैश फ्लड
 

Published By : Sahitya Maurya

पब्लिश्ड 11 October 2026 at 17:01 IST