अपडेटेड 8 July 2025 at 22:03 IST
Miyazaki Mango: वजन 1 Kg तक, कीमत 50000 से 3 लाख रुपये प्रति किलो... दुनिया का सबसे महंगा मैंगो, जो हरियाणा में बटोर रहा सुर्खियां
हरियाणा के फ्रूट फेस्टिवल में दुनिया का सबसे महंगा आम मियाजाकी पहुंचा है, जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ लगी है, जिसकी कीमत सुनकर लोग हैरान है।
World most Expensive Mango: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में इन दिनों आयोजित हो रहे फ्रूट फेस्टिवल में दुनिया के सबसे महंगे आम 'मियाजाकी' ने लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींचा है। इसके गहरे लाल रंग, बेहतरीन स्वाद और आसमान छूती कीमत के कारण यह आम हर किसी के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
'मियाजाकी' आम मूल रूप से जापान के मियाजाकी क्षेत्र में उगाया जाता है और इसे 'एग ऑफ द सन' (Egg of the Sun) के नाम से भी जाना जाता है। इस आम की कीमत भारत में 50,000 रुपये से 70,000 रुपये प्रति किलो तक है। जापान और दुबई में इसकी कीमत 2.5 लाख रुपये से 3 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच जाती है। यह आम अपने बेहतरीन स्वाद के साथ-साथ स्वास्थ्य लाभों के लिए भी जाना जाता है। रिसर्च के मुताबिक, मियाजाकी आम में कैंसर सेल्स की ग्रोथ को रोकने और इम्यून सिस्टम मजबूत करने वाले तत्व होते हैं।
हरियाणा में उगाया जा रहा मियाजाकी आम
हरियाणा में लाडवा के इंडो-इजराइल सब-ट्रॉपिकल सेंटर में भी मियाजाकी आम के पौधे लगाए गए हैं। सेंटर के वैज्ञानिकों ने इसे भविष्य का फल मानते हुए रिसर्च शुरू की है। इस साल पहली बार इन पौधों पर फल भी आ चुके हैं, जो किसानों और वैज्ञानिकों के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। फ्रूट फेस्टिवल में सिर्फ मियाजाकी आम ही नहीं, बल्कि बाकी दुर्लभ और खास किस्म के आम भी प्रदर्शित किए गए। थाई मैंगो (बॉम्बे ग्रीन) का वजन एक किलो से भी ज्यादा है। इसे आकार में सबसे बड़ा आम बताया जाता है।
इसके साथ ही मैंगो ग्रेप्स भी इन दोनों में चर्चा में है, जो आकार में सबसे छोटी वैरायटी है, स्थानीय रूप से इसे 'देसी सीवर' भी कहा जाता है। यह सिर्फ 2 से 2.5 इंच आकार का होता है, इन दोनों किस्मों की खेती मुख्य रूप से दक्षिण भारत में होती है।
लोगों में दिखा जबरदस्त उत्साह
फ्रूट फेस्टिवल में मियाजाकी आम देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। कई लोग तो इसकी कीमत सुनकर दंग रह गए। हालांकि, इसके स्वाद और गुणवत्ता को देखने के बाद लोग इसे 'फलों का राजा' कहने लगे। मियाजाकी आम सिर्फ एक फल नहीं, बल्कि एक लग्जरी फूड आइटम बन गया है। हरियाणा जैसे कृषि प्रधान राज्य में इसकी खेती और प्रदर्शन यह दिखाता है कि भारतीय किसान भी विश्व स्तरीय फलों की खेती में पीछे नहीं हैं।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 8 July 2025 at 20:46 IST