अपडेटेड 26 February 2026 at 13:51 IST
डिलीवरी बॉय से पहले मंगाया खाना, फिर कर दी ऐसी अजीबो-गरीब डिमांड; हैरान रह गया लड़का- VIDEO VIRAL
सोशल मीडिया पर इन दिनों एक महिला का वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें उसने फूड डिलीवरी के बहाने कुछ ऐसा जुगाड़ भिड़ाया कि गिग वर्कर ताकता ही रह गया।
VIRAL VIDEO: जुगाड़ के मामले में भारतीयों का कोई तोड़ नहीं। यहां ऐसी-ऐसी चीजों का जुगाड़ ढूंढ लिया जाता है, जिसे देख अंग्रेजों का माथा चकरा जाये। इन दिनों वायरल हो रहे वीडियो में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। यहां जहां एक महिला ने खाना ऑर्डर करने के साथ-साथ ऐसा दिमाग लगाया कि हर कोई हैरान रह गया।
महिला की ऑफिस से जल्दी छुट्टी हो गई थी। शायद उसने अपने खाने के लिए घर पर खाना नहीं बनाया होगा, तो उसने ऑर्डर कर दिया। इसी दौरान उसने ऐसा जुगाड़ भिड़ाया कि एक तीर से दो निशाने लगा दिए। क्या है पूरा माजरा चलिए बताते हैं।
'अभी मत जाना, मैं आ रही हूं…'
वायरल हो रहे वीडियो में एक महिला फूड ऑर्डर करती है। इसके पीछे भी उसका एक अलग ही खेल होता है, जिसने जानने के बाद आप भी सोचने पर मजबूर हो जाएगा। हुआ कुछ यूं कि महिला ने एक फूड डिलीवरी ऐप पर ऑर्डर दिया। इसके बाद उसने कॉल करके पूछा कि क्या ऑर्डर उठा लिया गया है। गिग वर्कर ने हामी भरते हुए बताया कि वो निकलने वाला है। तभी महिला ने उसे रोका और कहा कि अभी मत जाना। मैं बस यहीं हूं, आ रही हूं।
कंफ्यूज हुआ डिलीवरी बॉय
महिला की बात सुन डिलीवरी बॉय समझता है कि शायद उसे ये ऑर्डर पहुंचाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, क्योंकि महिला खाना लेने आ रही है। डिलीवरी बॉय पूछता भी है- 'अच्छा आप यहीं पर लेने आ रही हैं?' इसके जवाब में महिला ने जो कहा, उसे सुन डिलीवरी बॉय पहले तो न मना कर पाया और न ही हां बोल पाया। महिला ने कहा, ‘मेरे ऑफिस की छुट्टी हो गई है, तो आप मुझे भी लेकर चलो।’
महिला की बात सुन हैरान हुआ डिलीवरी पार्टनर
डिलीवरी पार्टनर ने कहा, 'अच्छा इसलिए आपने मुझे कॉल किया है? मुझे लगा कि आप रेस्टोरेंट के बाहर ही ऑर्डर लेने आ रही हैं शायद।' जवाब में तुरंत महिला कहती है, 'अब छुट्टी जल्दी हो गई थी तो सोची की क्या करूं? फिर मैंने सोचा की ऑर्डर के साथ खुद भी चल लेती हूं।'
लड़का हैरान होते हुए कहा, 'मैम, चलो ठीक है आपको ले चलता हूं। फिर अपना ऑर्डर पकड़ लीजिए। ये तरीका आपका बढ़िया है। स्विगी बुक करके आप रैपिडो वाला काम भी करा रही हैं।' महिला कहती है क्या करें।
ये बढ़िया है यार- गिग वर्कर
गिग वर्कर तंज कसते हुए कहता है, 'ये बढ़िया है यार, एक तीर से दो निशाने। मैडम ने स्विगी से ऑर्डर बुक किया है। ऑर्डर तो ऑर्डर, साथ में मैडम को भी लेकर जा रहा हूं। दोनों काम साथ में हो रहे हैं।' इतना कहकर वो महिला को बाइक पर बैठाकर ले चलता है।
इस वीडियो को देखने के बाद लोग अपनी हंसी पर काबू नहीं रख पाए और उसके जुगाड़ की दाद देने लगे। वीडियो को @rohitvlogster नामक इंस्टाग्राम हैंडल से शेयर किया गया है। इसके कैप्शन में लिखा है, ‘सिर्फ खाना नहीं, मैडम को भी डिलीवर कर दिया।’
वीडियो देख क्या बोले यूजर्स?
वीडियो को खबर लिखे जाने तक बड़ी संख्या में देखा और लाइक किया जा चुका है। वहीं कमेंट सेक्शन में प्रतिक्रियाओं की झड़ी लगी हुई है। एक यूजर ने लिखा, 'गजब का टैलेंट है।' दूसरे यूजर ने लिखा, 'खाओ कसम, तुम दोनों मिले हुए नहीं हो।' एक अन्य ने लिखा, 'बुरी स्क्रिप्ट है। स्विगी बोलकर, फ्लिपकार्ट का पैकेट ले रखा है।'
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 26 February 2026 at 13:51 IST