अपडेटेड 30 August 2025 at 22:54 IST
महिला ने पुलिसकर्मी को चप्पल लेकर दौड़ाया, खाकी की इज्जत बचाने के लिए सिपाही ने लगाई लंबी दौड़, Video Viral
MP News : सीधी जिले का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक महिला सिपाही को चप्पल लेकर दौड़ा रही है। जानें क्या है पूरा मामला?
MP News : मध्य प्रदेश से अजब-गजब घटनाएं सामने आती रहती है। अब सीधी जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने समन लेकर पहुंचे पुलिसकर्मी को चप्पल लेकर दौड़ा लिया। दबंग महिला हाथ में चप्पल लेकर पुलिसकर्मी के पीछे दौड़ने लगी, खाकी की इज्जत बचाने के लिए सिपाही को लंबी दौड़ लगानी पड़ी।
महिला की इस दबंगई का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। ये पूरा मामला सीधी जिले के मझौली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, दो पुलिसकर्मी समन तामील करने के लिए वार्ड संख्या 6 में पहुंचे थे। इस दौरान एक पुलिसकर्मी और वहां मौजूद एक महिला के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। वायरल हुए वीडियो में देखा जा सकता है कि पहले पुलिसकर्मी ने हाथापाई शुरू की, इसके बाद बवाल खड़ा हो गया।
चप्पल लेकर दौड़ाया
महिला ने पुलिसकर्मी पर हाथ लगाने का आरोप लगाया। इस बीच, एक युवक और एक लड़की घटना का वीडियो बना रहे थे। जब पुलिसकर्मी ने उन्हें वीडियो बनाने से मना किया, तो वो नहीं माने। इसके बाद पुलिसकर्मी ने युवक का मोबाइल छीनने की कोशिश की। इस बात से नाराज महिला ने पुलिसकर्मी के साथ हाथापाई शुरू कर दी और गालियां देते हुए उसे चप्पल लेकर दौड़ा लिया।
वीडियो में दिख रहा है कि पुलिसकर्मी भागा जा रहा है, जबकि महिला उसके पीछे चप्पल लेकर दौड़ती रही। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह घटना स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई है। हालांकि, इस मामले में अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 30 August 2025 at 22:54 IST