VIRAL VIDEO: ट्रेन में मोबाइल चोरी करते शख्स को पकड़ लिया यात्री, तभी चल पड़ी ट्रेन, खिड़की में लटका रहा चोर फिर जो हुआ उसे देख कर कांप जाएगा रूह

बिहार के शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मोबाइल छीनकर भागने की कोशिश कर रहे एक कथित चोर को यात्रियों ने चलती ट्रेन की खिड़की से पकड़ रखा है। जैसे ही ट्रेन की रफ्तार बढ़ती है, यात्री उसका हाथ छोड़ देते हैं और वह तेज गति से प्लेटफॉर्म पर गिर जाता है।

भारत में चोरी की घटनाएं सामने आते ही जनता का गुस्सा फूट पड़ना आम बात है। कई बार लोग पुलिस के आने का इंतजार किए बिना खुद ही आरोपी को सजा देने लगते हैं। हाल ही में बिहार के एक रेलवे स्टेशन से सामने आए वायरल वीडियो ने इसी भीड़तंत्र और कानून को हाथ में लेने की प्रवृत्ति पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मोबाइल छीनकर भागने की कोशिश

वायरल वीडियो बिहार के शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन का बताया जा रहा है। एक शख्स चलती ट्रेन से यात्री का मोबाइल फोन छीनकर भागने की फिराक में था। हालांकि, उसकी यह कोशिश नाकाम रही। ट्रेन में मौजूद सतर्क और गुस्से में भरे यात्रियों ने उसे दबोच लिया और खिड़की से ही उसका हाथ मजबूती से पकड़कर बाहर की ओर लटकाए रखा।

जानलेवा लापरवाही और लोगों का गुस्सा

वीडियो में आरोपी अपनी जान की भीख मांगते हुए काफी डरा हुआ नजर आ रहा है। वहीं, पकड़ने वाले लोग गुस्से में उसे ताने देते दिखते हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि जैसे ही ट्रेन की रफ्तार बढ़ती है, यात्री उसका हाथ छोड़ देते हैं, जिससे वह सीधे प्लेटफॉर्म पर जा गिरता है। गनीमत रही कि वह चलती ट्रेन के पहियों के नीचे नहीं आया, वरना उसकी जान भी जा सकती थी।

न्याय या कानून का उल्लंघन?

इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तीखी बहस छिड़ गई है। लोगों का कहना है कि चोरी गलत है और अपराधी को सजा मिलनी चाहिए, लेकिन इस तरह किसी की जान जोखिम में डालना सरासर गलत है। यूजर्स का मानना है कि चेन खींचकर ट्रेन रोकी जा सकती थी या आरोपी को पुलिस के हवाले किया जा सकता था। वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए एक यूजर ने लिखा, 'मोबाइल दोबारा खरीदा जा सकता है, लेकिन जिंदगी वापस नहीं मिल सकती।' 

October 14, 2026

ये भी पढ़ें - 'मोहब्बत बुरी नहीं है, दुर्गा बनना, काली बनना, लेकिन कभी बुर्के वाली मत बनना...'  पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने हिंदू बेटियों से की अपील

Published By : Aarya Pandey

पब्लिश्ड 14 October 2026 at 19:50 IST